विदेश

पीएम मोदी से मिलने दिसंबर में भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन

Putin's India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। उनका यह दौरा दिसंबर में होगा।

2 min read
Oct 02, 2025
Indian Prime Minister Narendra Modi and Russian President Vladimir Putin (Photo - PM Modi's social media)

रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin), भारत (India) दौरे पर आने की तैयारी में हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (Sergey Lavrov) ने इस बात की पुष्टि की है। पुतिन का भारत दौरा दिसंबर में होगा और इस दौरान वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात करेंगे। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से यह पहला मौका होगा जब पुतिन, भारत दौरे पर आएंगे।

दिसंबर के पहले हफ्ते में भारत आएंगे पुतिन

जानकारी के अनुसार पुतिन दिसंबर के पहले हफ्ते में भारत आएंगे। दोनों देशों की सरकारों के बीच पुतिन के भारत दौरे की तारीख को लेकर बातचीत चल रही है। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि पुतिन 5 और 6 दिसंबर को भारत दौरे पर रहेंगे। हालांकि अभी तक इन तारीखों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रूसी विदेश मंत्री भी आएंगे भारत

पुतिन के भारत दौरे से पहले रूसी विदेश मंत्री लावरोव भारत आएंगे। गौरतलब है कि पीएम मोदी के एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) अजीत डोभाल (Ajit Doval) अगस्त में रूस गए थे और इस दौरान उन्होंने पुतिन से मुलाकात की थी और पीएम मोदी की तरफ से उन्हें भारत आने का न्यौता दिया था, जिसे रूसी राष्ट्रपति ने स्वीकार किया था। इसके बाद पीएम मोदी और पुतिन के बीच फोन पर हुई बातचीत के दौरान भी पीएम मोदी ने पुतिन को भारत आने के लिए न्यौता दिया था और रूसी राष्ट्रपति ने इसे स्वीकार करते हुए साल के अंत तक भारत आने पर सहमति जताई थी।

ट्रंप को लगेगा झटका

पुतिन का यह दौरा वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए होगा। रूसी राष्ट्रपति के इस दौरे से अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को झटका लगना तय है। ट्रंप लगातार भारत पर रूस से तेल न खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं और इसी वजह से अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत पर 50% टैरिफ भी लगाया है। इसमें से 25% सिर्फ यह कहकर लगाया गया है क्योंकि भारत, रूस से तेल खरीद रहा है। हालांकि ट्रंप की धमकियों के बावजूद भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद नहीं किया है। पुतिन के दौरे को पीएम मोदी का एक ऐसा 'मास्टरस्ट्रोक' माना जा रहा है जिससे भारत-रूस के बीच संबंध मज़बूत होंगे, डिफेंस, एनर्जी और ट्रेड समेत कई सेक्टर्स में पार्टनरशिप और बढ़ेगी और साथ ही ट्रंप को भी झटका लगेगा।

Also Read
View All

अगली खबर