
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 24 फरवरी 2022 को शुरू हुए युद्ध अभी भी जारी है और इसे 2 साल पूरे हो चुके हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) का इरादा यूक्रेन पर कब्ज़ा करना था और इसी वजह से उन्होंने अपनी सेना को यूक्रेन को घेरते हुए हमला करने का आदेश दिया था और रूसी सेना ने ऐसा ही किया। हालांकि 2 साल में भी रूस अब तक यूक्रेन पर कब्ज़ा नहीं कर पाया है। पर इस युद्ध के दौरान रूस की सेना ने यूक्रेन में काफी तबाही मचाई है, जिससे जान-माल का नुकसान भी हुआ है। रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों पर कब्ज़ा भी किया, पर लगातार मिल रहे इंटरनेशनल सपोर्ट के चलते यूक्रेनी सेना ने भी अब तक डटकर रूसी सेना का डटकर सामना किया है और कई जगहों से उन्हें खदेड़ा भी है। हालांकि रूस ने लगातार यूक्रेन पर हमले किए हैं और कई यूक्रेनी सैनिकों और नागरिकों की जान ली है। हाल ही में रूसी सेना ने फिर ऐसा ही किया।
7 यूक्रेनी सैनिकों को उतारा मौत के घाट
रूस के सैनिकों ने 24 फरवरी को डोनेट्स्क (Donetsk) ओब्लास्ट में बखमुत (Bakhmut) के पास युद्धबंदियों के रूप में आत्मसमर्पण करने वाले 7 यूक्रेनी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया।
रूसी हमले में हुई 2 नागरिकों की मौत
खेरसन (Kherson) ओब्लास्ट के तियाहिंका (Tiahynka) में 25 फरवरी को रूसी हमले में 2 यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 44 वर्षीय शख्स था और एक 62 वर्षीय महिला, जो अपने घर के कोर्टयार्ड में मारे गए।