विदेश

जेल जाने के डर से पूर्व पीएम थाईलैंड छोड़कर भागे!

थाईलैंड के पूर्व पीएम थाकसिन शिनावात्रा अचानक से देश छोड़कर भाग गए हैं।

2 min read
Sep 05, 2025
Thaksin Shinawatra (Photo - Washington Post)

थाईलैंड (Thailand) के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा (Thaksin Shinawatra) ने अचानक देश छोड़कर भाग गए हैं। पांच दिन बाद उनके खिलाफ एक महत्वपूर्ण अदालती फैसला आने वाला था। इस फैसले में उनके जेल जाने की आशंका थी। ऐसे में बताया जा रहा है कि जेल जाने के डर से उन्होंने देश छोड़ दिया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने पीएम पैतोंगटार्न शिनावात्रा (Paetongtarn Shinawatra), जो थाकसिन की बेटी भी हैं, को बॉर्डर विवाद में नैतिक दुर्व्यवहार के चलते उनके पद से हटा दिया था। इससे देश में राजनीतिक अस्थिरता चल रही है।

कहाँ गए शिनावात्रा?

जानकारी के अनुसार, शिनावात्रा ने बैंकॉक के डॉन मुएंग एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों को बताया कि वह सिंगापुर जा रहे हैं, लेकिन फ्लाइट डेटा से पता चला कि उनका प्राइवेट विमान सिंगापुर की ओर जाने के बाद भारत की दिशा में मुड़ा और फिर यूएई की ओर उड़ान भरी। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह दुबई चले गए हैं।

पहले भी दुबई में रह चुके हैं शिनावात्रा

यह पहला मौका नहीं है कि जब थाईलैंड के पूर्व पीएम शिनावात्रा, देश छोड़कर दुबई भागे हैं। इससे पहले वह 2008 में अपने स्व-निर्वासन के दौरान दुबई में रह चुके हैं। 2008 में भ्रष्टाचार के एक मामले में फैसला सुनाए जाने से पहले वह देश छोड़कर दुबई चले गए थे। 2023 में वह थाईलैंड लौटे, जहाँ उन्हें 8 साल की सज़ा सुनाई गई। हालांकि उन्हें जेल के बजाय बैंकॉक के पुलिस जनरल हॉस्पिटल में रखा गया। इस वजह से उन पर विशेष सुविधाएं पाने के आरोप भी लगे। बाद में उनकी सज़ा को घटाकर 1 साल कर दिया गया था और 6 महीने बाद ही उन्हें पैरोल पर रिहा कर दिया गया था।

Also Read
View All

अगली खबर