Tapah Tropical Storm : हांगकांग और आसपास के क्षेत्रों में ट्रॉपिकल स्टॉर्म 'तपाह' से तबाही मची हुई है। इसके चलते हांगकांग और चीन के शेंजेन शहर में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। साथ ही, 100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई है।
ट्रॉपिकल स्टॉर्म 'तपाह' ने हांगकांग और आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान की हवाओं की गति 170 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिसके चलते हांगकांग और चीन के शेंजेन शहर में सुरक्षा के लिए स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही, 100 से अधिक उड़ानें रद्द की गई हैं और कई व्यावसायिक संस्थान भी बंद रहे।
हांगकांग के मौसम विज्ञान विभाग ने टाइफून 8 का अलर्ट जारी किया है, जो कम से कम सोमवार सुबह 11 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अलर्ट के तहत फेरी, बस और ट्रेन जैसी अधिकांश परिवहन सेवाएं ठप कर दी गई हैं, जबकि मेट्रो रेल सीमित अंतराल पर चल रही है। अधिकारियों ने निवासियों को घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
चीन के शेंजेन में भी तूफान का व्यापक असर देखा गया, जहां हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रविवार दोपहर तक करीब 60,000 लोग सुरक्षित स्थानों पर ले जाए गए। अभी तक भूस्खलन या बाढ़ की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है, लेकिन भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सतर्कता बरती जा रही है।
हांगकांग सरकार ने आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है और तटीय क्षेत्रों में तूफानी लहरों और संभावित बाढ़ की निगरानी की जा रही है। निवासियों से आवश्यक वस्तुओं का स्टॉक रखने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया गया है।
यह तूफान हांगकांग में इस साल का तीसरा सबसे शक्तिशाली तूफान माना जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान के और तेज होने की संभावना है, जिसके चलते अगले कुछ घंटों तक सावधानी बरतने की जरूरत है।