
Trump Religious Beliefs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक न्यूज शो '60 Minutes' के एक इंटरव्यू के दौरान मृत्यु के बाद के जीवन और अपने धार्मिक विश्वासों पर खुलकर बात की। ट्रंप ने कहा कि, 'मैं एक धार्मिक व्यक्ति हूं, इसलिए सिद्धांत रूप में मैं स्वर्ग जाऊंगा… मुझे उम्मीद है। मैं नरक नहीं जाना चाहता।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि वे निश्चित रूप से स्वर्ग जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इसके प्रति पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि राजनीतिक विरोधियों को माफ करने जैसी कुछ बातें उनके लिए मुश्किल रही हैं, भले ही इसका असर स्वर्ग जाने पर पड़े।
राष्ट्रपति ट्रंप की स्वर्ग जाने की बातों पर टिप्पणी करते हुए, ईसाई प्रचारक फ्रैंकलिन ग्राहम ने कहा कि स्वर्ग में जाने के लिए व्यक्ति को 'अपने पापों को स्वीकार करना' होगा।
ग्राहम ने 'X' (ट्विटर) पर लिखा, "इंटरव्यू के आखिर में, उन्होंने राजनीति से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण विषय पर बात की। उन्होंने राष्ट्रपति से पूछा कि 80 साल की उम्र में और कई बार जानलेवा हमलों से बचने के बाद, उन्हें क्या लगता है कि उनकी मृत्यु के बाद क्या होगा? राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि वे स्वर्ग जाना चाहते हैं, नर्क नहीं। मुझे लगता है कि अगर ज्यादातर लोगों से यही सवाल पूछा जाए, तो वे भी यही कहेंगे। लेकिन स्वर्ग की अपनी सीमाएं हैं। स्वर्ग में प्रवेश के लिए कुछ खास और बहुत सख्त शर्तें हैं। बाइबल के अनुसार, स्वर्ग में जाने के लिए आपको अपने पापों को स्वीकार करना होगा, पश्चाताप करते हुए उनसे दूर होना होगा और विश्वास के साथ यीशु मसीह को अपनाना होगा… धर्म आपको नहीं बचा सकता—केवल उद्धारकर्ता यीशु मसीह के साथ आपका रिश्ता ही आपको बचा सकता है। क्या आपको इस बात का भरोसा है?"
गौरतलब है कि ट्रम्प अपने राजनीतिक करियर के दौरान कई बार जानलेवा हमलों से बचे हैं। इनमें जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान हुई गोलीबारी भी शामिल है, जिसमें एक गोली उनके दाहिने कान को छूकर निकल गई थी, जिससे वे घायल हो गए थे।
इसी इंटरव्यू में, राष्ट्रपति ने माना कि उनके प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियां शायद "बहुत ज्यादा कठोर" रही हों, खासकर उन बिना दस्तावेजों वाले प्रवासियों के मामले में, जो अमेरिका में कई सालों से रह रहे थे और जिनके पास अपनी नौकरियां थीं। उन्होंने आव्रजन कानून पर कांग्रेस के डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई और कहा, "मैं आव्रजन के मुद्दे पर कुछ करना चाहूंगा।"