विदेश

ट्रंप को जान से मारने की धमकी, व्हाइट हाउस के पास राइफल और पिस्टल के साथ गिरफ्तार हुआ वेनेजुएला का नागरिक

Donald Trump: व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ पकड़े गए वेनेजुएला के नागरिक ने ट्रंप की हत्या की धमकी दी थी। उसकी कार से AR-15 राइफल, मैक 10 और ग्लॉक 43X समेत तीन बंदूकें बरामद हुई हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 8:30 AM IST
Trump assassination threat
ट्रंप को मारने के इरादे से वॉशिंगटन पहुंचा वेनेजुएला का शख्स गिरफ्तार (फोटो सोर्स-@BillMelugin_)

Venezuela Man Arrested: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास तीन बंदूको और भारी मात्रा में गोलियों के साथ वेनेजुएला के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसे आवाजें सुनाई दे रही थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थी।

गश्त के दौरान पकड़ में आया संदिग्ध

यह पूरी घटना गुरुवार शाम की है। व्हाइट हाउस के बेहद करीब कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर सीक्रेट सर्विस के जवानों को एक खड़ी कार में संदेहास्पद गतिविधियां नजर आई। मुस्तैद अधिकारियों ने तुरंत गाड़ी को घेर लिया और अंदर मौजूद व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि जिस गाड़ी में वह बैठा था, वह चोरी की थी।

गाड़ी से मिला घातक हथियारों का जखीरा

जब अधिकारियों ने क्रिनोस की चोरी की गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से तीन खतरनाक हथियार बरामद हुए। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, मैक-10 (Mac 10) सब-मशीन गन और ग्लॉक-43X (Glock 43X) पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा, गाड़ी से दर्जनों राउंड जिंदा गोला-बारूद भी जब्त किया गया।

'दिमाग में चल रही थीं ट्रंप को मारने की आवाजें'

डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की पूछताछ के दौरान क्रिनोस ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में लगातार आवाजें गूंज रही थीं, जो उसे वॉशिंगटन पहुंचकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने का निर्देश दे रही थी। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने वक्त रहते उसे पकड़ लिया और कोई बड़ी वारदात होने से बच गई।

आरोपी पर कसेगा कानून का शिकंजा, लगे कई गंभीर आरोप

आरोपी के खिलाफ कई सख्त धाराएं लगाई गई हैं। क्रिनोस पर अवैध रूप से हथियार ले जाने, बिना लाइसेंस और बिना रजिस्ट्रेशन के हथियार व गोला-बारूद रखने, खतरनाक हथियार पास में रखने, गाड़ी चोरी करने और चोरी का सामान हासिल करने जैसे कई कड़े आरोप दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में उसे अमेरिकी मार्शल सर्विस की कस्टडी में रखा गया है और इमिग्रेशन एजेंसी ने भी उसके खिलाफ डिटेनर ऑर्डर जारी कर दिया है।

2024 में अवैध तरीके से घुसा था अमेरिका

जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी क्रिनोस मार्च 2024 में टेक्सास सीमा के रास्ते अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था। उस समय अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल ने उसे पकड़ा जरूर था, लेकिन तुरंत बाइडेन प्रशासन के दौरान उसे देश के अंदर छोड़ दिया गया था। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन और सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर सीन करन ने अधिकारियों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की जमकर तारीफ की है।

Updated on:
7 Nov 2026, 8:30 AM IST
Published on: