विदेश

कनाडा से डील पर ट्रंप का बयान, बोले- समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी तैयार नहीं

US Canada Trade Deal: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कनाडा अमेरिका से ट्रेड डील करना चाहता है, लेकिन वह अभी तैयार नहीं है। ट्रंप ने कनाडा की तुलना ईरान से की और किसानों पर टैक्स का मुद्दा उठाया।
2 min read
Sep 13, 2026
Donald Trump, Donald Trump Strait of Hormuz, Strait of Hormuz, Trump Strait, Trump Strait of Hormuz, Strait of Hormuz renamed, Trump renaming Hormuz Strait, Trump Iran War,
Donald Trump (Photo: ChatGPT)

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कूटनीति को लेकर एक बार फिर बयान दिया हैं। अपनी आयरलैंड यात्रा के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि कनाडा अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करना तो चाहता है, लेकिन वह इसके लिए अभी पूरी तरह तैयार नहीं दिख रहा। इसी दौरान ट्रंप ने कनाडा की तुलना ईरान से कर दी और आयरलैंड को लेकर भी एक बड़ा बयान दे दिया।

अमेरिकी किसानों पर टैक्स हटाने की रखी शर्त

ट्रंप ने कहा कि कनाडा को अमेरिकी किसानों के साथ अपना रवैया बदलना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा डेयरी और अन्य अमेरिकी कृषि उत्पादों पर भारी टैक्स (टैरिफ) लगाता है, जो पूरी तरह से अनुचित है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी शर्त साफ करते हुए कहा कि जब तक कनाडा इन सभी शुल्कों को हटाने के लिए तैयार नहीं होता, तब तक कोई डील संभव नहीं है। अगर कनाडा टैक्स हटाने को तैयार हो जाता है, तो दोनों देशों के बीच काफी जल्दी डील हो सकती है।

'कनाडा ने 50 सालों तक धोखा दिया'- ट्रंप

व्यापारिक संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने कनाडा पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते तो अच्छे हैं, लेकिन व्यापार के मामले में पिछले 50 वर्षों से कनाडा ने अमेरिका के साथ धोखा किया है। ट्रंप ने तर्क दिया कि कनाडा अपना लगभग सारा व्यापार अमेरिका के साथ करता है, जबकि अमेरिका की निर्भरता कनाडा पर बहुत कम है और उसे उनके उत्पादों की कोई खास जरूरत नहीं है। हालांकि, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के आंकड़े ट्रंप के इस दावे से अलग तस्वीर पेश करते हैं, जहां कनाडा को अमेरिका के सबसे प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में गिना जाता है।

कनाडा की तुलना ईरान से कर डाली

प्रेस वार्ता के दौरान ट्रंप का सबसे दिलचस्प रुख तब दिखा जब उन्होंने कनाडा की समझौता करने की इच्छा की तुलना सीधे ईरान से कर दी। ट्रंप ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कनाडा इस बात की सराहना करेगा कि उसका नाम ईरान के साथ एक ही लाइन में आ रहा है। यह काफी दिलचस्प है- कनाडा और ईरान। दोनों ही देश अमेरिका के साथ डील करना चाहते हैं, और सही समय आने पर ये दोनों समझौते हो सकते हैं।

USMCA समझौते से हटने से किया इनकार

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका मेक्सिको और कनाडा के साथ हुए व्यापार समझौते (USMCA) से बाहर निकलेगा? तो उन्होंने इससे साफ मना कर दिया। ट्रंप ने कहा कि नहीं, हम बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और मेक्सिको के साथ हमारे रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं।

आयरलैंड के एक होने का किया समर्थन

अपनी आयरलैंड यात्रा के दौरान ट्रंप केवल व्यापार तक ही सीमित नहीं रहे। आयरिश प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन के साथ मौजूद ट्रंप ने उत्तरी आयरलैंड और आयरलैंड गणराज्य के एकीकरण का समर्थन कर नया विवाद छेड़ दिया। ट्रंप ने कहा कि वह दोनों हिस्सों को एकजुट होते देखना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कोई समस्या खड़ी नहीं करना चाहता, लेकिन जब यह आखिरकार होना ही है, तो अभी क्यों नहीं।

Updated on:
13 Sept 2026 08:46 am
Published on:
13 Sept 2026 08:43 am