विदेश

तेल के दो जहाजों और एक अन्य नाव में धमाके के बाद लगी आग, होर्मुज स्ट्रेट में हुआ हादसा

Oil Tankers Explosion In Strait of Hormuz: होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों के समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार बनने का सिलसिला जारी है। आज फिर ऐसे ही मामले सामने आए हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 7:51 PM IST
Tanker catches fire
होर्मुज स्ट्रेट में जहाज में लगी आग (Photo - Video Screenshot from @TehramTimes70)

होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को जब से ईरान (Iran) ने बंद किया है, तब से इस रणनीतिक जलमार्ग की स्थिति पूरी तरह से बदल गई है। अमेरिका (United States of America) से जंग के चलते यह फैसला लिया गया था। होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का कंट्रोल है, लेकिन अमेरिकी नेवी इस रणनीतिक जलमार्ग पर अपने कंट्रोल का दावा करती है और कहती है कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सामान्य आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। इसके लिए अमेरिका ने अलग रास्तों की घोषणा की हुई है, लेकिन इन रास्तों में पानी के नीचे ईरानी नेवी ने समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाई हुई हैं। इन समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार हर दिन कई जहाज बन रहे हैं और आज भी ऐसे ही मामले सामने आए हैं।

दो जहाजों और एक अन्य नाव में धमाके के बाद लगी आग

आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) की नेवी ने जानकारी दी कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्ते से गुज़र रहे तेल के दो जहाजों की आज समुद्री बारूदी सुरंगों से टक्कर हो गई। टक्कर की वजह से जहाजों में धमाका हो गया और फिर आग लग गई। इससे जहाज तबाह हो गए। इतना ही नहीं, एक अन्य नाव भी होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्ते से गुज़रने की कोशिश कर रही थी और इस दौरान उसमें भी समुद्री बारूदी सुरंग से टक्कर की वजह से पहले धमाका हुआ और फिर आग लग गई।

समुद्री बारूदी सुरंगों से नहीं बच पा रहे जहाज

होर्मुज स्ट्रेट से हर दिन कई जहाज ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्तों से गुज़रने की कोशिश कर रहे हैं। ईरानी नेवी को चकमा देने के लिए इन्हीं रास्तों से गुज़रने की कोशिश कर रहे हैं और इस दौरान अपने सभी नेविगेशन और रडार सिस्टम बंद कर देते हैं, जिससे वो ईरानी नेवी से बच सके। हालांकि ऐसा करने के बावजूद जहाज समुद्री बारूदी सुरंगों से नहीं बच पा रहे हैं। ईरानी नेवी ने पानी के नीचे बड़ी मात्रा में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाई हुई हैं। अमेरिकी नेवी ने पहले दावा किया था कि इन समुद्री बारूदी सुरंगों को हटा लिया गया है, जिसका ईरानी नेवी ने खंडन किया था और अब साफ हो गया है कि होर्मुज स्ट्रेट में अभी भी समुद्री बारूदी सुरंगें मौजूद हैं, जिनकी वजह से हर दिन कई जहाजों में धमाकों और आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं।