विदेश

166 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से काजिकी तूफान पहुंचा वियतनाम, 3 लोगों की मौत और 10 घायल

Typhoon Kajiki: काजिकी तूफान की वियतनाम में एंट्री हो चुकी है। इस तूफान की वजह से देश के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश, बेहद तेज़ हवाएं और बाढ़ के मामले देखने को मिल रहे हैं।

2 min read
Aug 26, 2025
Typhoon Kajiki
Typhoon Kajiki in Vietnam (Photo - BPI News on social media)

काजिकी तूफान (Typhoon Kajiki) ने सोमवार को वियतनाम (Vietnam) में एंट्री कर ली है। यह खतरनाक तूफान सोमवार को देश के मध्य तटीय क्षेत्रों, विशेष रूप से नग्हे आन और हा तिन्ह प्रांतों में पहुंचा और इसके पहुंचते ही इसका असर भी दिख गया। यह तूफान दक्षिण चीन सागर से 166 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ दोपहर करीब 3 बजे देश के मध्य तट से टकराया। वियतनाम की सरकार के अनुसार काजिकी इस साल का सबसे खतरनाक तूफान है।

3 लोगों की मौत और 10 घायल

काजिकी तूफान के कारण प्रभावित क्षेत्र में मूसलाधार बारिश, आंधी और बाढ़ आ गई, जिसके कारण 3 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग इस वजह से घायल हो गए। मृतकों और घायलों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

किन क्षेत्रों में काजिकी तूफान से सबसे ज़्यादा खतरा?

काजिकी तूफान का असर देश के नग्हे आन, हा तिन्ह, थान होआ, क्वांग त्रि, ह्यू, और दानंग जैसे प्रांतों में सबसे ज़्यादा देखा गया। तटीय गांव और निचले इलाके इस तूफान की वजह से खतरे में हैं। तेज़ और मूसलाधार बारिश और बेहद तेज़ हवाओं के कारण तटीय इलाकों में घरों, दुकानों, और होटलों को नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं, इस तूफान के असर से कई पेड़ उखड़ गए, सड़क किनारे लगे लैम्पपोस्ट गिर गए और कई स्थानों पर बाढ़ आ गई।

हज़ारों लोग बेघर, 40,000 से ज़्यादा लोगों को पहुंचाया सुरक्षित स्थान

काजिकी तूफान के असर से प्रभावित क्षेत्रों में हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं। साथ ही 40,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिससे उन्हें बचाया जा सके।

हाई अलर्ट

काजिकी तूफान के खतरे को देखते हुए कई स्कूल और दो प्रांतीय एयरपोर्ट्स बंद कर दिए गए हैं। वियतनाम एयरलाइंस और वियतजेट ने 22 से ज़्यादा उड़ानें रद्द कर दी। सात तटीय प्रांतों में समुद्र में नावों के संचालन पर रोक लगा दी गई। सरकार ने खतरे वाले क्षेत्रों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सावधान रहने और तटीय क्षेत्रों से जितना ज़्यादा हो सके उतना दूर रहने के लिए कहा है।

Updated on:
26 Aug 2025 10:25 am
Published on:
26 Aug 2025 10:18 am