Russia-Ukraine War: यूक्रेन ने रूस के आधिपत्य वाले क्रीमिया पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस हमले में 3 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच 24 फरवरी 2022 से चल रहा युद्ध खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस युद्ध की वजह से अब तक यूक्रेन में काफी तबाही मच चुकी है और जान-माल का भी भारी नुकसान हुआ है। बड़ी संख्या में यूक्रेनी सैनिक भी इस युद्ध में मारे जा चुके हैं। हालांकि रूस ने भी अब तक अपने कई सैनिकों को इस युद्ध में गंवा दिया है। आए दिन ही रूस के यूक्रेन पर हमलों के मामले देखने को मिलते हैं। ऐसा बहुत कम होता है जब यूक्रेन, रूस के किसी इलाके पर हमला करता है, लेकिन अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है।
यूक्रेन ने रविवार को क्रीमिया (Crimea) में ड्रोन से हमला किया। यह हमला क्रीमिया के फोरोस (Foros) इलाके में किया गया। यह एक रिज़ॉर्ट इलाका है। यूक्रेन के इस हमले में फोरोस सेनेटोरियम और एक स्थानीय स्कूल की इमारत को काफी नुकसान पहुंचा। स्कूल का भवन पूरी तरह से नष्ट हो गया और पुस्तकालय को भारी नुकसान पहुंचा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि क्रीमिया पर 2014 से रूस का आधिपत्य है क्योंकि उसने, क्रीमिया को यूक्रेन से अलग कर दिया था।
यूक्रेन के क्रीमिया में किए गए ड्रोन से हमले में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 16 लोग इस यूक्रेनी हमले में घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
रूस ने क्रीमिया में यूक्रेन के इस हमले की निंदा की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने इसे एक आतंकी हमला करार देते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया है।