
Azamgarh news,Pic- Patrika
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर रविवार सुबह धार्मिक-सामाजिक प्रतीक से जुड़ा विवाद अचानक तनाव में बदल गया। स्मृति द्वार पर लगे एक संगठन के ध्वज को हटाकर दूसरे संगठन का झंडा लगाने की बात सामने आने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
सुबह करीब 9:15 बजे स्थानीय लोगों ने स्मृति द्वार पर बदला हुआ झंडा देखा, जिस पर आपत्ति जताई गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ ही देर में स्थिति और बिगड़ गई और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।
सूचना मिलते ही मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बढ़ता गया। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में आसपास के थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने तत्काल विवादित झंडे को हटवाकर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, हालांकि पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
12 Apr 2026 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
