
Azamgarh news,Pic- Patrika
आजमगढ़ जिले अतरौलिया थाना क्षेत्र के पहिया बुजुर्ग गांव में जमीन कब्जे को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने 11 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई 75 वर्षीय राजबहादुर यादव की तहरीर के आधार पर की गई है।
पीड़ित के अनुसार, 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे गांव के कुछ लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे और जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे। विरोध करने पर आरोपियों ने राजबहादुर यादव और उनके परिवार के साथ मारपीट की, जिसमें महिलाओं को भी चोटें आईं।
घटना के दौरान हमलावरों द्वारा ईंट-पत्थर चलाने और फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे गांव में दहशत फैल गई। पीड़ित परिवार ने किसी तरह घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और पशुओं के साथ भी मारपीट की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे थे, लेकिन शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में फूलचन्द सहित कई लोग शामिल हैं, जबकि अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
Published on:
10 Apr 2026 10:24 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
