
अंत्येष्टि स्थल के नाम पर लाखों का गोलमाल, मौन साधे हैं अधिकारी
आजमगढ़. अंत्येष्टि स्थल के निर्माण मे करोड़ों रुपये खर्च हुए लेकिन मानक पर बहुत कम ही खड़े हैं। धनराशि में गोलमाल की शिकायतें तो हैं ही, मानक का भी अता-पता नहीं है। आलम यह है कि कहीं टिन शेड का निर्माण हुआ तो कहीं स्नानघर गायब है, कहीं शौचालय का निर्माण हुआ तो हैंडपंप का पता नहीं। कागज में सबको हरी झंडी मिल चुकी है।
जिले में 21 अंत्येष्टि स्थल का निर्माण हो चुका है। प्रत्येक पर 13 लाख 23 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस तरह कुल दो करोड़ 77 लाख रुपये खर्च हुए हैं। सबका उपयोग भी हो रहा है। जमीनी हकीकत यह है कि इसमें से बहुतायत निष्प्रयोज्य पड़े हैं। इतना ही नहीं निर्माण के बाद इसको लेकर तमाम शिकायतें भी आई पर अफसरों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
निजामाबाद तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध दत्तात्रेय धाम पर ग्राम सभा गौसपुर में बने अंत्येष्टि स्थल निर्माण तो हुआ पर मानक के अनुरूप नहीं बनने के कारण अनुपयोगी सिद्ध हो रहा है। दूसरी ओर नदी के दूसरी तरफ त्रिमुहानी में विकास खंड तहबरपुर में भी एक अंत्येष्टि स्थल बना है। मानक के तहत शवदाह स्थल, विश्राम स्थल, लकड़ी भंडार, शौचालय, स्नानघर का निर्माण कराया गया है लेकिन इंटरलाकिंग कहीं पर नहीं हुई है। मजे की बात है कि अंत्येष्टि स्थल पर बने शवदाह स्थल का उपयोग भी लगभग शून्य है। कमोवेश यही हाल शौचालय, स्नानघर का भी है। धूप और पानी से बचने के लिए लोग विश्राम स्थल का सहारा जरूर लेते हैं।
रानी की सराय विकास खंड के सरेपोही में बने अंत्येष्टि स्थल का भी कुछ यही हाल है। इंटरला¨कग के नाम पर एक भी ईट नहीं लगी है। अंत्येष्टि स्थल, विश्राम स्थल का निर्माण कराया गया है। स्नानघर और शौचालय अनुपयोगी होने के साथ ही समाप्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का तो यहां तक आरोप है कि आवंटित धनराशि का भी सही इस्तेमाल नहीं किया गया। पैसे का बंदरबाट कर दिया गया। निर्माण के दौरान शिकायत भी की गई पर अनदेखी कर दी गई।
तहबरपुर विकास खंड के बेलवा में भी एक शवदाह स्थल का निर्माण हुआ है। यह भी अनुपयोगी साबित हो रहा है। मेंहनगर स्थानीय विकास खंड में शवदाह गृह डीहा, देवइत, देवकली में निर्माण कार्य मानक के अनुसार हुआ है। वहां लोग दाह संस्कार करते हैं। पूर्व में देवइत शवदाह स्थल पर लगा टिन शेड आंधी में उड़ गया था जिसे वर्तमान ग्राम प्रधान सरोज ने लगवा दिया है।
फूलपुर ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा ऊदपुर के शबाना मार्ग के बगल में कुंवर नदी किनारे बनने वाले अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य रोकवा दिया गया। भू-माफिया प्ला¨टग करा रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन के आदेश पर रोक दिया गया था। ग्रामीणों ने इसके लिए प्रदर्शन भी किया लेकिन नतीजा सिफर रहा। इस मामले में डीपीआरओ का कहना है कि जहां भी शिकायत मिली है जांच कराई जा रही है अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
25 Dec 2018 11:03 pm

