
प्रतीकात्मक फोटो
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. यूपी की सत्ता में दोबारा आने के बाद सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में जुट गयी है। सीएम योगी चुनाव में किया गया एक और वादा जल्द पूरा करने जा रहे हैं। इससे सीनियर सिटीजन महिलाओें को बड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार द्वारा सीनियर सिटीजन महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री बस यात्रा कराने की घोषणा के बाद जल्द ही इसे लागू किया जा सकेगा। इसके लिए सीनियर सिटीजन महिलाओं का डाटा एकत्र किया जा रहा है।
बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में सरकार ने सीनियर सिटीजन महिलाओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का वादा किया था। सत्ता में आने के एक माह के भीतर सरकार ने इसकी घोषणा भी कर दी है। अब इसे जल्द से जल्द लागू करने की कवायद तेज कर दी गयी है। आजमगढ़ परिक्षेत्र से प्रतिदिन सफर करने वाली सीनियर सिटीजन महिलाओं का डाटा मांगा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसे बहुत जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।
सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने सीनियर सिटीजन महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री सफर कराने की घोषणा की थी। इसके लिए मुख्यालय ने जिले को आदेश भी जारी कर दिए थे। तभी से लगातार प्रत्येक डिपो से मुख्यालय को प्रतिदिन का सीनियर सिटीजन महिलाओं को डाटा भेजा जा रहा है। सीनियर सिटीजन महिलाएं पूरे माह कहीं भी इन बसों में फ्री सफर कर सकेंगी। सीनियर सिटीजन महिलाओं की संख्या जानने के लिए मुख्यालय द्वारा समाज कल्याण विभाग से भी पेंशनर्स की जानकारी मांगी गई है।
एआरएम एसडी राम ने बताया कि प्रतिदिन सीनियर सिटीजन महिलाओं की सूची तैयार कर उसे मुख्यालय भेजी जा रही है। अभी इसे लेकर कोई आदेश नहीं आए हैं। आदेश आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हमारी तरफ से नई व्यवस्था को लागू करने की पूरी तैयारी है। आदेश मिलते ही सीनियर सिटीजन महिलाओं को यह सेवा मिलने लगेगी।
Published on:
21 Apr 2022 09:40 am

