1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आजमगढ़ में शौचालय के विवाद में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

रिश्ते के भतीजों ने दिया घटना को अंजाम

2 min read
Google source verification
Murder

हत्या

आजमगढ़. मेंहनगर थाना क्षेत्र के मालपार गांव में बुधवार की दोपहर रिश्ते के भतीजों ने 42 वर्षीय युवक को ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत की नींद सुला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का कारण दोनों पक्षों के बीच शौचालय का विवाद बताया जा रहा है।

मेंहनगर क्षेत्र के मालपार ग्राम निवासी 42 वर्षीय अवधेश यादव उर्फ करिया पुत्र दशरथ यादव व उसके पट्टीदार मारकंडेय यादव के बीच शौचालय की भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की दोपहर अवधेश उर्फ करिया बाजार से सीमेंटेड चादर खरीद कर अपने घर लौटा। रिक्शा ट्राली पर लदी सीमेंट चादर को उतारते समय अवधेश के पट्टीदार मारकंडेय यादव के दो पुत्र समेत तीन लोग बाइक से वहां पहुंचे। रिक्शा ट्रॉली से चादर उतारने के लिए मदद के बहाने अवधेश के पास पहुंचे रिश्ते के भतीजों ने नजदीक पहुंचते ही अवधेश के सिर में गोली मार दी।

फायर की आवाज सुनकर घर से बाहर निकली अवधेश की बड़ी पुत्री रंजना पिता को लहूलुहान देख उनके शरीर पर लेट गई। अवधेश की जान लेने पर आमादा हमलावर रंजना को दूर हटाकर ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी। मृतक को कुल सात गोलियां लगी बताई गई हैं। गांव में गोली चलने की आवाज सुन लोग सहम गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर असलहा लहराते हुए अपने घर पहुंचे और घर के बाहर स्थित अपनी मड़ई में आग लगाने के बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने गांव के लोगों को हिला कर रख दिया। हमलावरों के भय से कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं दिखा।

घटना की सूचना पाकर एसपी प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह, सीओ लालगंज अजय कुमार यादव, एसडीएम मेंहनगर अरविंद कुमार सिंह सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में मृतक की पत्नी गीता देवी ने चार नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताते हैं कि मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के दो भाइयों की पूर्व में दुर्घटना के कारण मौत हो चुकी है। मृतक की दो बेटियों में बड़ी रंजना बीएड तथा छोटी बेटी ज्योति स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा बताई गई है। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

BY- RANVIJAY SINGH

Story Loader