बगरू

बदमाशों ने बैग लूटने के लिए मारा झपट्टा, बाइक से गिरी महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

शादी समारोह से पति के साथ बाइक से लौट रही महिला के हाथ से बदमाशों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर हरसूलिया के पास बैग लूटने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान महिला बाइक से गिर गई।

less than 1 minute read
Nov 14, 2024

रेनवाल मांजी (जयपुर)। शादी समारोह से पति के साथ बाइक से लौट रही महिला के हाथ से बदमाशों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर हरसूलिया के पास बैग लूटने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान महिला बाइक से गिर गई। गंभीर चोट लगने से घायल हुई महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार भांकरोटा जयपुर निवासी दिनेश जांगिड़ अपनी पत्नी रेखा जांगिड़ के साथ डिग्गी से शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी बीच हरसूलिया स्थित निजी इण्डस्ट्रीयल एरिया के पास पीछे से बाइक पर आ रहे बदमाशों ने महिला के हाथ में टंगे बैग पर झपट्टा मारा।

अचानक हुई घटना के बाद मोटरसाइकिल अनियन्त्रित हो गई और दंपती बाइक सहित गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने पर हादसे में घायल महिला को पुलिस की मदद से जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल महिला रेखा जांगिड़ (33) की की मौत हो गई। पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित दिनेश जांगिड़ ने बताया कि बैग में उसका मोबाइल व कुछ नकदी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज एवं आसपास के दुकानदारों से जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि बुधवार शाम तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया।

इनका कहना है…
पुलिस टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों के हुलिए से पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिफ्तार कर लिया जाएगा।

  • रामधन सांडीवाल, वृत्ताधिकारी
Updated on:
14 Nov 2024 05:51 pm
Published on:
14 Nov 2024 05:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर