Bahraich में बारावफात जुलूस निकालने के दौरान हाईटेंशन लाइन के चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है।
बारावफात के जुलूस के दौरान बहराइच में रविवार सुबह दिन निकलने से पहले बड़ा हादसा हुआ है। बारावफात का जुलूस निकालते समय बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 3 लोग झुलस गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची और बिजली की चपेट में आने से झुलसे लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया। जहां से तीन लोगों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बारावफात के मौके पर हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।
बहराइच पुलिस के अनुसार, यह घटना थाना नानपारा के गांव भगड़वा मासूपुर में रविवार तड़के करीब 4 बजे हुई है। बताया जा रहा है सुबह के वक्त बारावफात का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान एक ठेले पर लगी लोहे की रॉड ऊपर से जा रही 11 हजार की बिजली की हाईटेंशन लाइन से टच हो गई। टच होते ही ठेले को लेकर चल रहे लोग भी करंट की चपेट में आ गए। इस दौरान 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यह भी पढ़े - जौनपुर में उठी आदि पुरुष फिल्म पर बैन की मांग
घटनास्थल पर पुलिस फोर्स तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के साथ एसपी केशव चौधरी अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हाल जाना। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस फोर्स तैनात है।
सीएम योगी ने दिए झुलसे हुए लोगों के बेहतर इलाज के निर्देश
बहराइच में हुई घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम योगी ने इसके साथ ही झुलसे हुए लोगों के बेहतर इलाज के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।