4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में बाघ का शिकार, झाडिय़ों में मिली खाल

नर बाघ के खाल होने की संभावनावन परिक्षेत्र कार्यालय बैहर के समीप की घटना

less than 1 minute read
Google source verification
कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में बाघ का शिकार, झाडिय़ों में मिली खाल

कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में बाघ का शिकार, झाडिय़ों में मिली खाल

बालाघाट. कान्हा नेशनल पार्क में फिर एक बाघ का शिकार कर लिया गया। शिकारियों ने शिकार करने के बाद बाघ की खाल को झाडिय़ों में फेंक दिया। वन परिक्षेत्र कार्यालय बैहर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर एक डेढ़ वर्षीय बाघ की खाल झाडिय़ों में मिली है। वन विभाग ने खाल को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। वन अमले ने नर बाघ की खाल होने की संभावना जताई है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात शिकारियों द्वारा बाघ का शिकार कर उसकी खाल को उतार लिया था। खाल की तस्करी किए जाने के लिए शिकारियों ने योजना बनाई रही होगी। लेकिन इसमें वे सफल नहीं हो पाए। शिकारियों द्वारा खाल को झाडिय़ों में छिपाने की संभावना जताई जा रही है। रविवार को वन विभाग को खाल होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर वन अमले ने खाल को जब्त किया। वरिष्ठ वेटेनरी सर्जन डॉ. आशीष कुमार वैध से उसका परीक्षण कराया। वहीं डीएनए परीक्षण के लिए सेम्पल जबलपुर भेजा गया है। जिसकी जांच वाइल्ड एक्सपर्ट द्वारा की जाएगी। इसी के बाद ही इसकी मौत कैसे हुई है, स्पष्ट हो पाएगा।
इधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम बैहर कृष्णा मरावी ने बताया कि बाघ की खाल ज्यादा दिन पुरानी नहीं है। डेढ़ वर्षीय नर बाघ के होने की संभावना है। खाल में दो-तीन छेद मिले हैं, जिसके चलते इसकी गोली मारकर हत्या किए जाना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। इधर, खाल मिलने के बाद वन अमले द्वारा घटना स्थल सहित अन्य जगहों पर डॉग के माध्यम से खोजबीन भी की गई। लेकिन बारिश होने के चलते उन्हें कोई सफलता नहीं मिल पाई है।