
बालाघाट. महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरुषों की बराबरी कर रही है। घर के रसोई से लेकर बाहर निर्माण कार्यों में भी महिलाएं आगे आ रही है। परसवाड़ा क्षेत्र की महिलाओं ने अब सडक़ निर्माण कार्य में भी हाथ आजमाना शुरु कर दिया है। इसकी शुरुआत महिलाओं ने रोड रोलर से की है। पिछले दो वर्ष से ग्राम पंचायतों के माध्यम से बनने वाली सडक़ों में रोड रोलर को किराए पर दिया जा रहा है। रोड रोलर को चलाने का कार्य छोडकऱ शेष सभी कार्य महिलाएं स्वयं ही कर रही है। महिलाएं यह कार्य समूह के रुप में कर रही है। इसके लिए संगम महिला आजीविका संकुल स्तरीय संगठन परसवाड़ा का गठन किया है। इस संगठन में 22 ग्रामों के 350 स्व सहायता समूह की 4500 महिलाएं जुड़ी हुई है।
अधिकारियों ने किया प्रेरित
समूह से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि पूर्व जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, आजीविका मिशन के पूर्व जिला प्रबंधक ओमप्रकाश बेदुआ और जनपद पंचायत परसवाड़ा के सीईओ रितेश चौहान ने उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित किया। जिसके बाद संकुल स्तरीय संगठन का गठन किया। शासन से अनुदान पर रोड रोलर खरीदा गया। इसके बाद ग्राम पंचायतों से संपर्क किया गया। पंचायतों में बनने वाली सडक़ों में रोड रोलर का उपयोग शुरु किया गया। रोड रोलर को चलाने के लिए एक चालक को मानदेय पर रखा गया है। शुरुआती दौर में काफी परेशानियां सामने आई। कैसे काम करना है, कार्य कैसे लेना है, रोड रोलर का मेंटनेंस कैसे करना है, रोड रोलर को किस दर पर किराए पर देना है सहित ऐसे अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रेरणा से यह कार्य अब आसान हो गया।
करीब 35 सडक़ों में किया कार्य
समूह के माध्यम से अलग-अलग ग्राम पंचायतों की 35 सडक़ों के निर्माण कार्य मेंं रोड रोलर का उपयोग किया गया है। इन निर्माण कार्यों से उन्होंने करीब 6 लाख रुपए का कार्य किया है। जिसमें से उन्हें लगभग 3 लाख रुपए की बचत की है।
अब सडक़ निर्माण का लेंगी ठेका
समूह अध्यक्ष कुंता चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में बनने वाली सडक़ों को ठेके पर दिया जाता है। लेकिन अब समूह संगठन के माध्यम से पूरी सडक़ निर्माण का ठेका लिया जाएगा। इसके लिए प्रयास भी कर दिए है। उन्होंने बताया कि सडक़ निर्माण कार्य का ठेका अमूमन पुरुषों को ही दिया जाता है। लेकिन परसवाड़ा क्षेत्र में महिलाओं ने इसकी पहल शुरु कर दी है।
ये ग्राम संगठन हैं शामिल
संगम महिला आजीविका संकुल स्तरीय संगठन परसवाड़ा में ब्लॉक के 22 गांव के ग्राम संगठन जुड़े हुए है। जिसमें एकता ग्राम संगठन परसवाड़ा, मां नर्मदा ग्राम संगठन झिरिया, सागर ग्राम संगठन चंदना, आदर्श ग्राम संगठन लिंगा, करुणा ग्राम संगठन कुरेंडा, लाडली ग्राम संगठन चीनी, संगम ग्राम संगठन भोरवाही, सहारा ग्राम संगठन पोंडी, मां नर्मदा ग्राम संगठन खरपडिय़ा, जागृति ग्राम संगठन शेरपार, साईं ग्राम संगठन भादुकोटा, वीणा ग्राम संगठन कुमनगांव, विकास ग्राम संगठन अरंडिया सहित अन्य ग्राम संगठन शामिल है। इन ग्राम संगठनों के अंतर्गत 350 स्व सहायता समूह आते हैं।
Published on:
07 Mar 2024 10:19 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
