
बलरामपुर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे ट्रक चालक को झपकी आने की वजह से भीषण हादसा हो गया। ट्रक चालक ने सामने से स्विफ्ट डिजायर कार में टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस भी हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। अगर समय पर पुलिस मौके पर पहुंच जाती तो दंपति समेत चार बच्चों की जिंदगियां बच सकती थीं।
यूपी के बलरामपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। चालक को झपकी आने से स्विफ्ट डिजायर कार ट्रक से टकरा गई। कार में सवार एक ही परिवार के दंपत्ति व चार बच्चों समेत छह लोगों की मौत हुई है।
बलरामपुर की एडिशनल एसपी नम्रता श्रीवास्तव ने बताया "उन्हें रात करीब दो बजे घटना की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद फरार ट्रक चालक का पता लगाने के लिए टीम गठित की गई है। शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।"
तीन बजे दोपहर को नैनीताल से देवरिया के लिए निकला था परिवार
28 वर्षीय सोनू शाह पुत्र पारस शाह उत्तराखंड स्थित नैनीताल जिले के लाल कुआं में बिरला सेंचुरी पेपर मिल में ब्वॉयलर ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। वह ग्राम चकरवा वकुल, थाना श्रीरामपुर जिला देवरिया के मूल निवासी थे।
सोनू शाह शुक्रवार दोपहर तीन बजे 25 वर्षीय पत्नी सुजावती, छह वर्षीय पुत्री रुचिका, चार वर्षीय पुत्र दिव्यांशु, 18 वर्षीय भाई रवि शाह व 13 वर्षीय बहन खुशी के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से देवरिया के लिए रवाना हुए थे।
रात साढ़े 12 बजे के करीब हुआ हादसा
वह लखीमपुर के रास्ते होकर बलरामपुर करीब रात साढ़े 12 बजे पहुंचे। उतरौला रोड पर आगे बढ़ते ही विशंभरपुर गांव के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को ठोकर मार दी। ठोकर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची यूपी डायल 112 पुलिस टीम ने शवों को किसी तरह कार से बाहर निकाला। सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
घटना के बाद मौके से ट्रक समेत फरार हुआ चालक
घटनास्थल के निकट पंक्चर बनाने की दुकान कर रहे गालिबपुर निवासी मोहम्मद आलम ने बताया कि तेज आवाज सुनकर उनकी नींद टूट गई थी। उन्होंने देखा कि कार में बैठे लोग कराह रहे हैं। मौके पर एक ट्रक भी मौजूद था। थोड़ी देर बाद चालक तेज रफ्तार से बलरामपुर की ओर ट्रक लेकर चला गया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि सोनू शाह का आधार कार्ड उनकी जेब में मिला था, जिससे उनकी पहचान हो सकी। परिजनों को फोन पर दुर्घटना की सूचना दी गई।
Updated on:
8 Apr 2023, 6:58 PM IST
Published on:
8 Apr 2023, 6:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.