बेंगलूरु. भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने के बाद जनता दल-एस के भीतर शुरू हुआ विवाद नए मोड़ पर आ गया है। पार्टी के असंतुष्ट नेताओं के एक गुट ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा को पद से हटाने की घोषणा करते हुए दो दिन पहले निष्कासित एक नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा की।
भाजपा के साथ गठबंधन का विरोध करने के कारण दो दिन पहले देवगौड़ा की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.एम. इब्राहिम और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.के. नानू को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इब्राहिम ने पार्टी पर अपना दावा पेश करते हुए जद-एस प्रदेश अध्यक्ष की हैसियत से यहां सोमवार को राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया।