
बांसवाड़ा : भाजपा से उठा स्वर, घर के भेदियों के कारण हार, पार्टी से निकालो
बांसवाड़ा. बांसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं ने भीतरघात करने वालों पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं ने खुले शब्दों में कहा कि घर के भेदियों के कारण हार हुई। एेसे लोगों को पार्टी से निष्कासित करो और पार्टी को स्वच्छ बनाओ। पार्टी कार्यालय में दोपहर में प्रदेश मंत्री भवानी जोशी, हकरू मईड़ा, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री मुकेश रावत की उपस्थिति में बैठक हुई। आरंभ में रावत ने चुनाव में कार्यकर्ताओं के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हार के क्या कारण रहे, कहां और क्या कमी रही। इसके लिए यह बैठक हो रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव में कमजोर रहे क्षेत्रों को कैसे मजबूत करना है, इसके लिए चर्चा की जा रही है। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने खुले शब्दों में पूर्व राज्यमंत्री धनसिंह रावत का नाम लेकर कहा कि उन्हें पार्टी ने अपने बैनर तले विधायक और मंत्री बनाया और उन्होंने विकास के जो काम किए, वे भी भाजपा सरकार के कारण किए। इसके बाद भी चुनाव के दौरान पार्टी में वर्तमान में मौजूद लोगों ने घर का भेदी बनकर ‘बड़ा खेल’ किया। एेसे लोगों को तत्काल निष्कासित करने की जरूरत है।
हमारी आत्मा जानती है...
इस दौरान पूर्व पार्षद मुकेश नायक व कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले चुनाव के दौरान हमें गद्दार कहकर पार्टी से बाहर किया गया, लेकिन हमने पार्टी के लिए कैसे काम किया है, वह हमारी आत्मा ही जानती है। आज भी कुछ लोग पार्टी से गद्दारी कर रहे हैं। एेसे लोगों को पार्टी कार्यालय में पैर तक मत रखने दो। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पूर्व जिलाध्यक्ष भगवतपुरी, जिला उपाध्यक्ष योगेश जोशी, नगर अध्यक्ष दीपक जोशी सहित कुछ वर्तमान पार्षदों पर भी आरोप लगाए। इस दौरान हंगामा बढऩे पर मुकेश रावत यह कहते सुने गए कि पार्टी की गरिमा को बनाए रखें।
धोखा देने वालों को निष्कासित करेंगे
इससे पहले प्रदेश मंत्री भवानी जोशी ने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं ने रात-दिन एक कर बहुत परिश्रम किया। भाजपा या तो जीतती है या सीखती है। इस चुनाव में भी हमने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधियों के बारे में विचार किया जाएगा। कार्यकर्ताओं की यह भावना है कि पार्टी विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तो निश्चित रूप से एेसे लोग, जिन्होंने धोखा किया है, उन्हें निष्कासित करेंगे। बैठक के दौरान प्रधान दूधालाल, दलीचंद मईड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Published on:
15 Dec 2018 12:35 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
