बांसवाड़ा (कुशलगढ़). शहर के वार्ड नंबर तीस में नीलकंठ महादेव मंदिर के पास कुएं की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। कभी ये शहर में पेयजल का प्रमुख साधन था। अब ये कुआं उपेक्षित है। वर्तमान में नगर में पेयजल के मामले में इस कूप के पानी का उपयोग नहीं हो रहा है, लेकिन फायर ब्रिगेड, निर्माण कार्यों में पानी सहित अन्य कार्यों के लिए नगरपालिका इसको काम में लेती है। गुरुवार को नगरपालिका में हुई बैठक में कुएं की साफ-सफाई नहीं होने का मुद्दा उठा। जिसमें इसी वार्ड के भाजपा पार्षद नरेश गादिया की ओर से दो माह पहले कुएं में मरी बिल्ली पड़ी होने के बावजूद इसका पानी टैंकर के माध्यम से दो माह पूर्व उपखण्ड अधिकारी के निवास पर पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सवाल खड़े किए। बैठक में गंभीर आरोप के बावजूद पालिका के जिम्मेदारों की चुप्पी के बाद अब चर्चाओं ने भी जोर पकडऩा शुरू कर दिया है। हालांकि उपखण्ड अधिकारी ने खराब पानी की समस्या को तो स्वीकारा, लेकिन बिल्ली मरी होने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।
कूप के अभी ऐसे हालात…
पालिका की बैठक में मुद्दा उठने के बाद शुक्रवार को पत्रिका ने कूप की मौका स्थिति देखी। यहां स्थितियां गंभीर थी। साफ-सफाई का अभाव मिला। जाली कचरे से अटी पड़ी थी। पानी में भी गंदगी थी। लंबे समय तक कूप की साफ-सफाई पर ध्यान केंद्रित नहीं करने से भी सवाल खड़े हो रहे है।
ये बोले थे पार्षद गादिया: बिल्ली मरी हुई पड़ी थी…
नगरपालिका की गुरुवार को हुई बैठक में पार्षद नरेश गादिया ने कहा था कि हमारे वार्ड में बड़ा कुआं है। जिसके पानी का उपयोग पूरे नगर में हो रहा है। पालिका फायर ब्र्रिगेड के लिए पानी भी यहीं से ले रही हैं। उस कूप में बिल्ली मरी पड़ी हुई थी, जिसका पानी उपखण्ड अधिकारी तक पहुंचाया दिया था। मेरी शिकायत के बाद इस पानी का उपयोग बंद हुआ, लेकिन अब भी उस कूप की स्थिति देखे। इतने माह बीतने के बावजूद कुए की दशा न सुधरना शर्म की बात है। सभी आज ही मेरे साथ चलकर कूप की स्थिति देखे।
दो माह पहले आया था खराब पानी
मैं फिलहाल पीने के लिए आरओ का पानी मंगवा रहा हूं। दैनिक उपयोग के पानी लिए पालिका टैंकर कहा से भिजवाती है इसकी मुझे जानकारी नहीं है। दो माह पूर्व खराब पानी आने पर टैंकर वापस भेज दिया था। मुझे बरसात के चलते पानी गंदा होने की जानकारी दी गई थी। यदि अन्य कोई मामला है तो पालिका जैसी जिम्मेदार संस्था को ऐसी लापरवाही नही करनी चाहिए।
– बद्रीलाल सुथार, उपखण्ड अधिकारी कुशलगढ़
ऐसा कभी होता हैं क्या
ऐसा कभी भी नहीं होता है। बैठक में तो कोई भी कुछ भी बोल देता है। जहां तक कुए की सफाई की बात है तो इस मामले में नगरपालिका पूरी तरह से गंभीर है एवं आगामी दिनों में यह कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।
– नीतेश बैरागी, उपाध्यक्ष नगरपालिका कुशलगढ़