
धंबोला. धबोला थाना क्षेत्र के गड़ापट्टा पीठ गांव में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मणीलाल खराड़ी के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य बांसिया कस्बे में एक क्रियावर कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग से बच्चियों की शैक्षणिक मार्कशीट, सोने-चांदी के जेवर, बीमा संबंधी दस्तावेज, अनाज, बिस्तर, खाट तथा करीब 70 हजार रुपए नकद आग की भेंट चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी को राख में तब्दील देख परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आग बुझाने में ग्राम पंचायत सदस्य नानूराम खराड़ी, गोपाल कटारा, कांतिलाल खराड़ी, मानजी भगत सहित अनेक ग्रामीणों ने भूमिका निभाई। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं राहत प्रदान करने की मांग की है।
Updated on:
25 Jul 2026 06:00 am
Published on:
25 Jul 2026 06:00 am
