27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

त्योहारों से पहले रुपए जुटाने चोरी की थी, दो शातिर चोर गिरफ्तार

Rajasthan

धंबोला थाना पुलिस ने किया चोरी का पर्दाफाश, चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद

धंबोला. चुण्डावाड़ा गांव में 16 अगस्त की रात सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का धम्बोला थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार चुण्डावाड़ा निवासी अमरसिंह चुण्डावत ने 17 अगस्त को रिपोर्ट दी थी कि परिवार के सदस्य आवश्यक कार्य से बाहर गए थे और मकान पर ताला लगा था। सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला तथा अंदर तिजोरी खुली थी। तिजोरी से सोने की चैन, अंगूठी, कान की बालियां, पेंडल, करीब 500 ग्राम चांदी, 50 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल चोरी मिला। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर सीमलवाड़ा वृत्ताधिकारी मदनलाल विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों पर निगरानी शुरू की। जांच के दौरान सूचना पर पुलिस ने धम्बोला पावरहाउस तिराहे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान बाइक से आए दो संदिग्ध पुलिस को देखकर वापस भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान लोकेश कटारा निवासी वैंजा, थाना चौरासी और गंगाराम परमार निवासी सरेरा, थाना पहाड़ा, जिला उदयपुर के रूप में हुई।

गुजरात में मजदूरी के दौरान हुई थी मुलाकात

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों की मुलाकात अहमदाबाद में मजदूरी के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। त्योहारों से पहले गांव लौटने के बाद दोनों ने डूंगरपुर जिले में चोरी कर रुपये जुटाने की योजना बनाई। गंगाराम का ससुराल भंडारिया में होने से उसे क्षेत्र के रास्तों की जानकारी थी।
आरोपियों ने पहले सीमलवाड़ा क्षेत्र में चाय की दुकान पर बैठकर पुलिस की आवाजाही की रेकी की। इसके बाद अंदरूनी रास्तों से चुण्डावाड़ा पहुंचे और गांव की सीमा पर स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गंगाराम पर 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गंगाराम परमार आदतन अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ उदयपुर, राजसमंद और डूंगरपुर जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, नकबजनी, चोरी, मारपीट सहित गंभीर धाराओं में कुल 20 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक वारदातों में मामलें दर्ज रहे हैं। पुलिस टीम में थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया, सहायक उपनिरीक्षक सोहनलाल व तुलसीराम, कांस्टेबल प्रकाश, शंभुसिंह, अजय, करण तथा जिला साइबर सेल के हंसराज सिंह और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।