
आदिवासी युवा शक्ति संगठन की बैठक
सरोदा, गड़ा लाल सिंह राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में आदिवासी युवा शक्ति संगठन की बैठक प्रदेश सलाहकार डूंगरलाल रोत और प्रदेश अध्यक्ष कचरा मालीवाड़ के सानिध्य में हुई। बैठक के दौरान समाज में पनप रही कुरीतियों और सामाजिक मुद्दों पर प्रदेश अध्यक्ष मालीवाड़ ने कहा कि आए दिन लड़के- लड़कियों के भागकर शादी करने तथा शादीशुदा होने के बावजूद पति से अलग होकर दूसरी शादी करने जैसी प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं। यह समाज के भविष्य के लिए चिंताजनक है, जिस पर पूर्ण पाबंदी लगानी होगी।
समाजजनों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई। अध्यक्ष ने माता-पिता से आत्ममंथन करने को कहा। साथ ही कहा कि बच्चों को अत्यधिक सुविधाएं देने, कम उम्र में मोबाइल, टू-व्हीलर या स्पोर्ट्स बाइक खरीदकर देने से वे बिगड़ रहे हैं। जिद पूरी न होने पर बच्चों की ओर से आत्महत्या की धमकी देने और कदम उठाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके लिए अभिभावकों को सतर्क व जागरूक होना पड़ेगा। वाहन चालकों को शांतिपूर्वक गाड़ी चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संदेश दिया गया। बैठक में प्रदेश में सर्व समाज के साथ मिलजुल कर रहने, एक-दूसरे का मान-सम्मान करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कांतिलाल ननोमा, भाणजी भाई, मोहनलाल, मणिलाल, लालशंकर, मरता भाई, शंकर भाई, लालू भाई, लक्ष्मण भाई सहित कांठल क्षेत्र के कई आदिवासी युवा व समाज के वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
Updated on:
27 Aug 2026 06:00 am
Published on:
27 Aug 2026 06:00 am
