बांसवाड़ा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करने पर कांग्रेस के नेताओं में जबरदस्त आक्रोश है। शनिवार को हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के समापन को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में पार्टी के जनप्रतिनिधियाें और पदाधिकारियों ने इस मामले में भाजपा व केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया।
जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि राहुल गांधी की संसदीय सदस्यता रद्द कर मोदी सरकार ने लोकतंत्र का अपमान किया है। इसके लिए हम लड़ेंगे। दूध का दूध व पानी का पानी होगा। राहुल को पुन: बहाल करना पड़ेगा। हमें न्यायालय पर भरोसा है।
राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया ने कहा कि राहुल गांधी दुनिया के पहले नेता है जो इतने ज्यादा पैदल चले है। लोकतंत्र मे कोई भी जनप्रतिनिधि तानाशाही करता है तो उसका अस्त होना तय है। राहुल गांधी उस परिवार के सदस्य हैं, जिसने देश के लिए शहादत दी है। जिलाध्यक्ष चांदमल जैन ने कहा भारत जोड़ो यात्रा से घबराकर न्यायालय के फैसले के बहाने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करवाई गई। इसके लिए वृहद आंदोलन होगा।
आईटी सेल का करें गठन
सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी ने कहा मुख्यमंत्री की ओर से बांसवाड़ा को दी गई सौगातों को कार्यकर्ता आमजन तक पहुंचाएं। इसके लिए आईटी सेल का गठन करें और कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षण दें। उपाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने बांसवाड़ा को संभाग बनाने पर इसके लिए प्रचार पर बल दिया। उपाध्यक्ष कृष्णपालसिंह सिसोदिया ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम से लोगों मे बहुत उत्साह रहा। पूर्व जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पण्डया ने कहा हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम से कांग्रेस का संदेश लोगों तक पहुंचा है। जनता हमारे साथ है। हमें अपनी टीम मजबूत करनी है। प्रधान कांता भील ने कहा सीएम ने अनगिनत सौगातें जिले को दी हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में हार की आशंका से भाजपा कांग्रेस के नेताओं की आवाज कुचलने का प्रयास कर रही है।
यह रहे मौजूद
बैठक में पूर्व संसदीय सचिव नानालाल निनामा, लता चाहिल, देवबाला राठौड़, सेवादल प्रदेश मंत्री अतीत गरासिया, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अरविन्द डामोर, सोशल मीडिया प्रभारी भारत दोसी, सह संयोजक शाहिद मंसूरी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी , एसटीएससी छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश मईड़ा, केशव निनामा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन अशोक शुक्ला ने किया। आभार नटवर तेली ने व्यक्त किया।
एक को किसान सम्मेलन, नौ को सीएम का अभिनंदन
जिलाध्यक्ष जैन ने बताया कि आगामी एक अप्रेल को कागदी पिकअप वियर पर पार्टी की ओर से किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिलेभर से किसान व कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। वहीं आगामी छह अप्रेल को जिले में एनिकट आदि के शिलान्यास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा को संभाग बनाने पर आठ अगस्त को बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ से कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर के लिए रवाना होंगे। नौ अप्रेल को मुख्यमंत्री का उनके निवास पर अभिनंदन करेंगे।