बांसवाड़ा. प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को बांसवाड़ा में दिखाई दे रहा है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं से चलने से वातावरण भी ठंडा हो गया है। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विभाग की ओर से दो दिन पहले ही रविवार और सोमवार को आसमान में बादल छाने, बारिश होने की संभावना व्यक्त कर दी गई थी। यह संभावना सटीक निकली। रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर साढ़े 12 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवाएं चलने से लोग बाजारों में गर्म कपड़ों में नजर आए। इधर, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बरसात के आसार बनने से कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले वैवाहिक आयोजन से जुड़े घर-परिवारों में चिंता छाई है और आवश्यक उपाय भी करने में जुटे हैँ। इधर, आनंदपुरी क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे कुछ देर के लिए बरसात भी हुई।