
सरेराह लूट रहे जनसेवा का मेवा, लोक परिवहन दिखा रही नियमों को ठेंगा
-हकीम पठान
बारां. जिले में यात्री वाहनों के संंचालन को लेकर यूं तो परिवहन विभाग की ओर से प्रभावी नियम कायदे बनाए हुए हैं, लेकिन कई निजी यात्री वाहन मालिक नियमों को ताक में रखकर खुलेआम सरकार को राजस्व की चपत लगा रहे हैं। कई वाहन बिना परमिट अवैध रूप से दौड़ रहे हैं तो कई लाइसेंस कच्चे मार्ग और बसों को स्टेट व नेशनल हाइवे पर चला रहे हैं। लोक परिवहन सेवा की बसों के संचालन के मामले में भी मनमाना रवैया अपनाया जा रहा है। जिम्मेदारों की ओर से जानकारी होने के बावजूद नियमों की पालना कराने में रूचि नहीं दिखाई जा रही है। इससे रोडवेज को चपत लग रही है। सरकार की मंशा के मुताबिक यात्रियों को भी नई बसों में यात्रा समेत अन्य बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है।
पात्र लोगों को नहीं मिल रही किराए में छूट
रोडवेज की ओर से यात्रियों को कई प्रकार से किराया राशि में छूट दी जाती है। गंभीर रोगग्रस्त रोगी, विकलांग, वरिष्ठ नागरिक व महिलाओं आदि को किराए में छूट मिलती है, लेकिन लोक परिवहन बसों में सरकार की ओर से यात्रियों को किराए में कोई छूट नहीं दी जा रही है। किराया रोडवेज बसों के बराबर ही वसूला जा रहा है। रोडवेज की ओर से महिला, वरिष्ठ नागरिक, 80 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को निशुल्क, विशेष योग्यजन व गंभीर रोगियों आदि को नियमानुसार किराया राशि में रियायत दी जा रही है। निजी बसों में रात नौ बजे बाद बारां से कोटा के सौ रुपए तक लिए जा रहे हैं।
टिकट पर बस के नम्बर तक नहीं
लोक परिवहन बसों में यात्रियों से किराया तो पूरा वसूल किया जा रहा है, लेकिन बसों में नियमानुसार सुविधाएं नहीं दी जा रही है। टिकट पर बस नम्बर, यात्रा समय व ट्रैवल कम्पनी का नाम तक नहीं लिखा जा रहा है।
इस स्थिति में टिकट के आधार पर सम्बंधीत बस से यात्रा करने का पुख्ता सबूत यात्री को नहीं मिल रहा है। किसी तरह की दुर्घटना होने तथा पुलिस द्वारा पूछताछ की नौबत आने पर बस में दिए जा रहे टिकट के आधार पर लोग बस नम्बर व यात्रा समय तक का अधिकृत तौर पर सत्यापन नहीं करा सकते। जबकि रोडवेज में यात्री को टिकट पर उक्त सभी जानकारी मिलती है।
इस तरह दिखा रहे परमिट को ठेंगा
रोडवेज व परिवहन विभाग के सूत्रों का कहना है कि आरटीओ कार्यालय कोटा की ओर से बारां जिले में संचालित 17 लोक परिवहन बसों को परमिट दिए हुए है। बारां-कोटा मार्ग पर वाया अन्ता होते हुए ही संचालन के परमिट जारी किए हैं, लेकिन अधिकांश बसें अन्ता नहीं जाकर फोरलेन हाइवे से नॉनस्टॉप दौड़ रही है। कुछ ने बसों पर नॉनस्टॉप के बोर्ड लगा रखे है तथा नॉनस्टॉप चलने की आवाज लगाकर यात्रियों को बैठा रहे है। कई बार अन्ता की सवारियों को बायपास पर उतार देते हंै तो कई बार अन्ता की सवारियों को बैठाने से मना कर देते हैं। इसी तरह अटरू व छीपाबड़ौद के लिए बारां से बराना व बंदा होते हुए परमिट दिए हुए है, लेकिन स्टेट हाइवे से गुजर रहे हैं।
& आए दिन लोक परिवहन बसों को चैक किया जाता है।
अन्ता होकर नहीं जाने पर चालान भी बनाए जाते हैं। टिकटों पर
बस नम्बर व टाइम व अधिक किराए आदि को लेकर शिकायत नहीं मिली है। फिर भी जांच की जाएगी।
महावीर पंचौली, जिला परिवहन अधिकारी
Published on:
18 Feb 2022 06:29 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
