13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खुले नाले में फिर गिरी गाय, दो घंटे तक चला रेस्क्यू… नगर निगम के दावों पर उठे सवाल

सेटेलाइट बस स्टैंड के पास युवक के गिरने की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि सोमवार शाम शहर में एक और लापरवाही सामने आ गई। बरेली कॉलेज तिराहा के पास खुले नाले में एक बेसहारा गाय गिर गई।

2 min read
Google source verification

बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड के पास युवक के गिरने की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि सोमवार शाम शहर में एक और लापरवाही सामने आ गई। बरेली कॉलेज तिराहा के पास खुले नाले में एक बेसहारा गाय गिर गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नगर निगम और फायर टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे गोयल बुक डिपो के पास हुई। इलाके में खेल रहे बच्चों ने गाय को अचानक नाले में गिरते देखा, जिसके बाद तुरंत आसपास के लोगों और पार्षद जयप्रकाश राजपूत को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पार्षद खुद उतरे नाले में, टीम को बुलाया

पार्षद जयप्रकाश राजपूत मौके पर पहुंचे और नाले में उतरकर गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने तुरंत नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य को वीडियो और फोटो भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद नगर निगम की टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले गाय नाले के अंदर काफी दूर तक बहती चली गई थी। टीम ने मशीनों के संचालन में आ रही बाधा को देखते हुए नाले के स्लैब को तोड़ा और काफी प्रयासों के बाद गाय को बाहर निकाला। इस दौरान करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।

खुले नाले बने खतरा, सुरक्षा इंतजाम नदारद

पार्षद ने बताया कि नाले का करीब चार फीट हिस्सा खुला हुआ था और वहां किसी तरह की बैरिकेडिंग या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। यही वजह है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम भेजकर गाय को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि खुले नालों के आसपास बैरिकेडिंग कराई जा रही है। जहां भी कमी पाई जाएगी, वहां तुरंत सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। मुख्य अभियंता को रोजाना निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।