13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी के इस जिले में ड्यूटी से गायब 5 हेड कांस्टेबल समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, महकमे में मचा हड़कंप

पुलिस महकमे में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। लगातार गैरहाजिर रहने और गंभीर आरोपों के चलते पांच हेड कांस्टेबल समेत तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। पुलिस महकमे में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। लगातार गैरहाजिर रहने और गंभीर आरोपों के चलते पांच हेड कांस्टेबल समेत तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग में खलबली मच गई है।

गैरहाजिरी पर सख्त प्रहार, छुट्टी के बाद नहीं लौटे कर्मी

एसएसपी की जांच में सामने आया कि कई पुलिसकर्मी स्वीकृत अवकाश खत्म होने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटे और बिना सूचना लंबे समय तक गैरहाजिर रहे। ऐसे मामलों में हेड कांस्टेबल विजय कुमार, राजवीर सिंह, सुनील कुमार और सिपाही राजू सिंह व बोबी कुमार पर कार्रवाई की गई। सभी के खिलाफ अनाधिकृत गैरहाजिरी को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन किया गया।

ड्यूटी छोड़ने और चेकिंग में गायब मिलने पर कार्रवाई

रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल विनेश कुमार को ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने और लगातार गैरहाजिर रहने पर सस्पेंड किया गया। वहीं सिपाही अनिल चौधरी भी चौकी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान गायब मिले, जिसके बाद उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। हेड कांस्टेबल अनुज कुमार पर कार्य और आचरण से जुड़ी शिकायतें मिलीं। जांच में दुर्व्यवहार की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि पुलिस की छवि खराब करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विभागीय जांच शुरू, आगे और कार्रवाई के संकेत

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही, गैरहाजिरी और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। महकमे में अब अन्य कर्मियों के बीच भी सतर्कता बढ़ गई है।