बरेली

बरेली कॉलेज में महानगर मंत्री से मारपीट, समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष और छात्रनेता लल्ला समेत कई पर मुकदमा दर्ज

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री आनंद कठेरिया पर राजनीतिक रंजिश में जातिगत गालियां देने, जान से मारने की धमकी और हथियार लहराने का आरोप सामने आया है। पीड़ित आनंद ने समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा और छात्र नेता निखिल राजपूत और अनिकेत शर्मा उर्फ लल्ला पर हमले का आरोप लगाया है।

2 min read
Jun 19, 2025
बारादरी थाने में नारेबाजी करते एबीवीपी कार्यकर्ता (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री आनंद कठेरिया पर राजनीतिक रंजिश में जातिगत गालियां देने, जान से मारने की धमकी और हथियार लहराने का आरोप सामने आया है। पीड़ित आनंद ने समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा और छात्र नेता निखिल राजपूत और अनिकेत शर्मा उर्फ लल्ला पर हमले का आरोप लगाया है।

घटना 14 जून को बरेली कॉलेज के पिछले पूर्वी गेट पर हुई। आनंद के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार और मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब 15 लड़कों ने उन्हें घेर लिया। इनमें कई के हाथों में धारदार हथियार और अवैध तमंचे भी थे। इस मामले में पीड़ित ने बारादरी थाने में एक दर्जन से अधिक लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

छात्रनेता लल्ला ने तमंचा लहराकर दी धमकी

आनंद ने बताया कि छात्र नेता निखिल राजपूत ने उन्हें जातिसूचक गालियां देते हुए कहा, साले धानुक, तू हमें दलाली करने से रोकेगा? वहीं समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने धमकी दी, तू हमारी बराबरी करने लायक नहीं है, जान से मार देंगे। इसके बाद अनिकेत शर्मा लल्ला ने तमंचा लहराते हुए गाली-गलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने घेरा बारादरी थाना

इस घटना की शिकायत आनंद ने रविवार को बारादरी थाने में की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को थाने का घेराव कर नारेबाजी की और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

बारादरी इंस्पेक्टर का बयान

इस मामले में बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All

अगली खबर