
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में शनिवार से स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले ही दिन परीक्षाओं में सख्ती देखने को मिली और बरेली कॉलेज में नकल का मामला पकड़ में आया।
बरेली कॉलेज की पहली पाली की परीक्षा के दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इसी दौरान कक्ष संख्या 34 में एक छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच करने पर सामने आया कि वह मोबाइल फोन पर पीडीएफ देखकर नकल कर रही थी। टीम ने तुरंत छात्रा की उत्तरपुस्तिका और मोबाइल जब्त कर लिया। मामले की रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी गई है।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के अनुसार फैशन डिजाइनिंग, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, पर्शियन, फंक्शनल हिंदी, ऑफिस मैनेजमेंट, फिजिक्स, बिजनेस ऑर्गनाइजेशन, बिजनेस इकोनॉमिक्स, इंट्रोडक्शन टू रिटेल ऑपरेशंस, हॉस्पिटल ऑपरेशंस मैनेजमेंट, बेसिक अकाउंटिंग और गृह विज्ञान विषयों की परीक्षाएं कराई गईं। पहली पाली में प्रथम सेमेस्टर के 1772 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली में तृतीय सेमेस्टर के 1065 और तीसरी पाली में पंचम सेमेस्टर के 11 विद्यार्थियों की परीक्षा हुई। पूरे दिन कॉलेज में परीक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई।
घने कोहरे और ठंड को देखते हुए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परीक्षा से एक दिन पहले पहली पाली का समय बदलकर सुबह नौ बजे कर दिया था। जानकारी न मिलने के कारण बड़ी संख्या में छात्र सुबह आठ बजे से पहले ही कॉलेज पहुंच गए। उन्हें प्रवेश के लिए करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कॉलेज परिसर में इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं ने इस समय का इस्तेमाल पढ़ाई और रिवीजन में किया। कई विद्यार्थी नोट्स देखकर और आपस में चर्चा करते नजर आए।
बरेली कॉलेज के बॉटनी विभाग ने प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर सूचना जारी की है। विभाग प्रभारी प्रो. आलोक खरे ने बताया कि बीएससी बॉटनी के प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के जिन छात्रों ने मिड टर्म और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के असाइनमेंट अभी तक जमा नहीं किए हैं, वे प्रायोगिक परीक्षा के दिन सभी असाइनमेंट साथ लेकर आएं। वहीं प्रायोगिक परीक्षा के दिन ही असाइनमेंट का मूल्यांकन मौखिक परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र-छात्रा का असाइनमेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Updated on:
11 Jan 2026 01:04 am
Published on:
11 Jan 2026 06:30 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
