
बरेली। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कचहरी के पास एक महिला ने सरेआम टेम्पो चालक पर जेवर और नकदी पार करने का आरोप जड़ दिया। आरोप लगते ही सड़क पर ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते-देखते भीड़ जमा हो गई और माहौल गरमा गया।
कैंट क्षेत्र के ग्राम डूबरा नवीनगर निवासी नीरज पत्नी गुड्डू के मुताबिक वह दोपहर करीब 12 बजे खरसेनी कन्नौजिया इंटर कॉलेज से टेम्पो में सवार होकर गांव लौट रही थीं। उनके पर्स में आधा तोला सोने की नथनी, सोने की बेसर, करीब 250 रुपये का चांदी का गुच्छा और 500 रुपये नकद रखे थे। महिला का कहना है कि रास्ते में फतेहगंज से कुछ सवारियां बैठीं और कचहरी पर उतर गईं। जब वह खुद उतरीं और किराया देने के लिए पर्स खोला तो जेवर और 500 रुपये गायब थे। यह देखते ही उनके होश उड़ गए।
महिला ने मौके पर ही चालक को घेर लिया और चोरी का आरोप लगा दिया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि राहगीर रुक गए। कुछ लोग महिला के समर्थन में खड़े हो गए तो कुछ तमाशबीन बने रहे। इसी बीच मौका देखकर चालक वहां से निकल गया। महिला ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो हालात संभाले गए। बाद में चालक को बुलाकर पूछताछ की गई। उसने साफ इनकार करते हुए कहा कि महिला के पर्स में कोई जेवर या नगदी नहीं थी और उस पर बेवजह आरोप लगाया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सच्चाई सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
21 Feb 2026 02:01 pm
Published on:
20 Feb 2026 03:37 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
