
बरेली। रिश्तों को कलंकित करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भांजी ने अपने प्रेमी और पिता संग मिलकर सगे मामा से कैंसर इलाज का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित मामा धर्मेंद्र राजपूत ने अब एडीजी बरेली को गुहार लगाई है। एडीजी के आदेश के बाद इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यौधा निवासी पीड़ित धर्मेंद्र राजपूत इज्जतनगर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी भांजी सपना ने पहले मोबाइल खरीदने के बहाने क्रेडिट कार्ड लिया और 53,500 रुपये का मोबाइल खरीद लिया। इसके बाद 30 अगस्त 2024 को सपना ने फोन कर रोते हुए बताया कि उसे कैंसर हो गया है और इलाज के लिए पैसे चाहिए।
धर्मेंद्र का आरोप है कि सपना के पिता (उसके बहनोई) परशुराम और सपना के प्रेमी महिपाल ने भी बीमारी की बात पर मुहर लगा दी। इसके बाद अलग–अलग खातों में धीरे-धीरे फोनपे और यूपीआई के जरिए रकम डलवाई जाती रही। कभी 5 हजार, कभी 20 हजार तो कभी 40 हजार… इस तरह मामा ने भरोसे में आकर करीब 15 लाख रुपये भांजी और उसके साथियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब रकम वापसी की बात की गई तो आरोपी टालमटोल करने लगे और जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
धर्मेंद्र का कहना है कि जब उसने बाद में पता किया तो सच्चाई सामने आई कि सपना को कैंसर जैसी कोई बीमारी थी ही नहीं। उसके मुताबिक, आरोपियों ने उसकी दयालुता का फायदा उठाकर उसे ठगी का शिकार बनाया। पीड़ित ने एडीजी रमित शर्मा को पूरा प्रकरण बताया और न्याय की गुहार लगाई है। एडीजी के आदेश के बाद इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Published on:
17 Sept 2025 02:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
