बरेली। कुतुबखाना पुल से शटरिंग एक ठेकेदार के ऊपर गिर गया। गंभीर हालत में घायल को मार्केट के लोगों ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। परिजनों ने पुल पर चल रहे कार्य को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सामान खरीदने मार्केट में आए थे ठेकेदार
निजी अस्पताल में मौजूद प्रेमनगर के भूड़ निवासी बीना सक्सेना ने बताया कि उनके पति 55 वर्षीय सुधीर कुमार पुत्र प्रकाश चंद्र मकान बनवाने का ठेका लेते है। वह ठेकेदारी के काम से सामान खरीदने के लिए शुक्रवार को मार्केट गए थे। मार्केट के व्यापारियों से जानकारी मिली कि उनके ऊपर कुतुबखाना पुल से किसी कारण शटरिंग गिर गया। वह मौके पर गंभीर हालत में बेहोश हो गए। यह देख मार्केट में हड़कंप मच गया। मजदूरों ने काम रोक दिया। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई।
गंभीर हालत में चल रहा अस्पताल में उपचार
आनन फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। सूचना पर वह अपने बेटे रजत और बेटी वृंदा के साथ अस्पताल पहुंची। उन्होंने डॉक्टर विनोद पागरानी से बातचीत की। उन्हें बताया गया कि उनके पति की हालत बहुत नाजुक है। उन्होंने कुतुबखाना पुल पर हो रहे कार्य को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया है।
कुतुबखाना पुल से गिरकर हो चुकी है मजदूर की मौत
कुतुबखाना पुल पर काम करते समय पूरनपुर का रहने वाला धनंजय करीब 18 फीट ऊंचाई से गिर गया था। मजदूर के घायल होने से मौके पर अफरा तफरी मच गई। कार्यदायी संस्था ने उसे घायल मजदूर को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उसने गंभीर हालत में दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था।