
बरेली। क्योलड़िया में शादी के रंग में मंगलवार रात उस वक्त भंग पड़ गया जब दूल्हे के बहनोई ने नशे की हालत में दुल्हन के साथ शर्मनाक हरकत कर दी। विरोध करने पर लड़की पक्ष के लोगों से मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी। घटना में दुल्हन की मां, भाई समेत पांच लोग घायल हो गए। पूरी घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। मामला क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
मंगलवार रात पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र से बारात क्योलड़िया के एक गांव में पहुंची थी। स्वागत-सत्कार के बाद जयमाल की रस्म हुई और दूल्हा-दुल्हन डीजे पर डांस करने लगे। इसी दौरान दूल्हे का बहनोई शराब के नशे में मंच पर चढ़ आया और जेब से नोट निकालकर दुल्हन पर उड़ाने लगा। उसके बेहूदा अंदाज़ से दुल्हन असहज हो गई और लड़की पक्ष के भाइयों ने जब इसका विरोध किया तो वह उल्टा उन पर ही झपट पड़ा।
हालांकि बुजुर्गों ने मामला किसी तरह शांत कराया, लेकिन बवाल यहीं नहीं थमा। अगले दिन बुधवार सुबह जब कन्यादान की रस्म चल रही थी, तभी आरोपी बहनोई अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। आते ही उसने मारपीट शुरू कर दी और हवाई फायरिंग कर दी। घटना में दुल्हन की मां, भाई और अन्य रिश्तेदार घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इधर, लड़की पक्ष ने दूल्हे के बहनोई और उसके साथियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं, दूल्हा पक्ष की ओर से मामले को रफा-दफा करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन दुल्हन ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया है। क्योलड़िया पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
संबंधित विषय:
Published on:
09 Jul 2025 12:48 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
