थार महोत्सव पोस्टर का विमोचन
कैमल टेटू शौ एवं कवि सम्मेलन होगें आकर्षण का केन्द्र
बाड़मेर। जिले में लोककला, संस्कृति, इतिहास, पर्यटन एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थार महोत्सव-2023 समारोह का आयोजन 18 मार्च को शोभायात्रा के साथ होगा।
शनिवार को कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर लोक बंधु, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेन्द्रसिंह पुरोहित, पदमश्री अनवर खान, थार-श्री विजय गर्ग, थार-सुन्दरी चंचल जांगिड़ द्वारा थार महोत्सव-2023 पोस्टर का विमोचन किया गया।
जिला कलक्टर ने पोस्टर का विमोचन के साथ ही उन्होंने कार्यक्रमों की जानकारी दी।
18 मार्च सुबह 8 बजे गांधी चौक से शोभा यात्रा निकलेगी, जो आदर्श स्टेडियम में पहुंचेगी। यहां पर कैमल टैटू शो के साथ कई रोचक मुकाबले होगें। थार सुन्दरी-थार श्री, दादा-पोता दौड़, पति-पत्नी दौड, पनिहारी मटका दौड़, रस्साकसी एवं साफा बांधो प्रतियोगिताएं होगी। दोपहर 1 बजे तिलवाड़ा पशु मेला का शुभारम्भ किया जाएगा। जिसमें घुड़ दौड़ मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा तथा सांय 5 बजे आदर्श स्टेडियम में स्थानीय कलाकारों द्वारा गैर नृत्य का प्रदर्शन तथा रात 9 बजे राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। कवि सम्मेलन में डॉ. कुमार विश्वास एवं अन्य ख्यातनाम कवि अपनी कविता का पाठ करेंगे।
दूसरे दिन 19 मार्च को सुबह 9 बजे मांडना, रंगोली, मेंहदी एवं रूमाल झपट्टा प्रतियोगिता तथा स्वयं सहायता समूह द्वारा हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जाएगा। 11 बजे युवा संवाद के साथ दोपहर 12 बजे जायकों राजस्थान रो, सांय 7 बजे आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वही सांय 7 बजे शहीद भगतसिंह स्टेडियम बालोतरा में म्यूजिकल नाइट तथा चौहटन व शिव में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा जिसमें स्थानीय कलाकार शामिल होगें।
थार महोत्सव के अन्तिम दिन 20 मार्च को सुबह 6 बजे मैराथन दौड़, सांय 5:30 बजे ढोल वादन एवं ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता के साथ सांय 6:30 बजे महाबार के धोरों पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। जिसमें पदमश्री अनवर खान, स्थानीय लोक कलाकार एवं देश भर के जाने-माने सांस्कृतिक नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देगें।