कांग्रेस व भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार….
जयपुर ग्रामीण ससंदीय क्षेत्र से भाजपा ने पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व शाहपुरा से विधायक रहे राव राजेन्द्र सिंह को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस ने अनिल चौपड़ा को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा प्रत्याशी राव राजेन्द्र सिंह परिसीमन के बाद बनी जयपुर ग्रामीण सीट से पहली बार 2009 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने लालचंद कटारिया को चुनाव मैदान में उतारा था। जो विजयी रहे थे।
लोकसभा चुनाव में आठ विधानसभा क्षेत्र सम्मिलित है। प्रत्याशियों को भी विधानसभा चुनाव से कई गुणा अधिक भागदौड़ करनी पड़ती है। वहीं प्रशासन को भी माकूल इंतजाम करने हैं। कम समय में प्रचार-प्रसार व बूथ लेवल पर टीम तैयार करना मुश्किल होगा। आपसी खींचतान के कारण कई जगह प्रत्याशी को पार्टी कार्यकर्ताओं या गुट विशेष का सहयोग नहीं मिलता है। ऐसे में उसे खुद की टीम तैयार करनी पड़ती है।
प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। लेकिन टिकट में देरी के चलते प्रत्याशियों को प्रचार के लिए समय कम मिलेगा। जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में 19 अप्रेल को मतदान होना है। प्रत्याशियों का करीब 25 दिन ही प्रचार का समय मिल पाएगा। इस लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं, ऐसे में प्रत्येक गांवों तक पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है।
जयपुर ग्रामीण संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने चौथी बार नए चेहरे को टिकट दिया है। संसदीय क्षेत्र का 2008 में परिसीमन के बाद जयपुर ग्रामीण सीट अस्तित्व में आई थी। इसके बाद लोकसभा के चार चुनाव हुए हैं। इन सभी चुनाव में कांग्रेस ने अलग-अलग चेहरों को टिकट दिया है। वर्ष 2009 के चुनाव में कांग्रेस के लालचंद कटारिया इस सीट से विजयी रहे थे। इनके सामने भाजपा के राव राजेन्द्र सिंह को टिकट मिला था। इसके बाद 2014 के चुनाव में कांग्रेस के सीपी जोशी व 2019 के चुनाव में कृष्णा पूनिया कांग्रेस की उम्मीदवार रही थी। इन दोनों चुनाव में भाजपा के कर्नल राज्यवर्द्धन सांसद निर्वाचित हुए थे। कांग्रेस ने इस बार भी नए चेेहरे अनिल चौपड़ा को मैदान में उतरा है।