
उजाले की योजना, अनदेखी का अंधेरा,निगम नहीं कर रहा सुनवाई, ठेकेदार नदारद
लक्ष्मीनारायण यादव
चन्दवाजी (जयपुर)। हर घर में रोशनी व बिजली कनेक्शन देने की केन्द्र सरकार की ओर से पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना चलाई गई है। सरकार ने आबादी से दूर खेत व अकेले में आवास करने वाले ग्रामीणों के लिए रोशनी व विधुत कनेक्शन देने के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना शुरू की। योजना का प्रचार प्रसार कर निगम ने गांवों व ढाणियों में कनेक्शन भी जारी कर दिए लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना दम तोड़ती नजर आ रही है।
निगम ने कनेक्शन कर रिकॉर्ड तो पूरा कर लिया लेकिन हकीकत यह है कि अधिकांश कनेक्शन बंद हैं। ठेकेदार ने ट्रांसफार्मर रखवाकर एक बार आपूर्ति चालू कर दुबारा ध्यान नहीं दिया। जिसका परिणाम यह है कि आज अधिकांश कनेक्शन बंद हैं। योजना के तहत विद्युत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ता कई महीनों से अंधेरे में जीवन यापन कर रहे है। ऐसे में विधुत निगम के अधिकारी मामले को लेकर सुनवाई नहीं कर रहे है और संबंधित ठेकेदार नदारद है। ऐसे में उपभोक्ता चंदवाजी जेईएन व शाहपुरा एईएन कार्यालय के चक्कर लगा रहे है जहां कर्मचारी एक साल तक ठेकेदार की गारंटी है ये कहकर पल्ला झाड़ लेते है। ऐसे में उपभोक्ता निगम कार्यालय में गुहार लगाकर थक चुके है।
यह है योजना
ग्रामीण व दूर दराज के क्षेत्र में रोशनी व कनेक्शन देने के लिए केन्द्र सरकार ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना चलाई। योजना के तहत 4 हजार रुपए प्रति कनेक्शन जमा कराने पर 16 एचपी क्षमता का ट्रांसफार्मर रखकर विद्युत कनेक्शन दिया जाता है। एक ट्रांसफार्मर रखने के लिए 3 कनेक्शन यानी कुल 12 हजार रुपए होना आवश्यक है। योजना के तहत कनेक्शन होने पर एक साल तक ट्रांसफार्मर व लाइनों की मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है।
केस -1
चन्दवाजी के ग्राम लाम्या मेंवाल में गंगा माता मंदिर के पास योजना के तहत मई 2018 में विधुत कनेक्शन किया गया। इसके 5 दिन बाद ही ट्रांसफार्मर जल गया। ग्रामीण हरि कोली ने शंकरलाल, रिछपाल ने कई बार चंदवाजी ग्रिड व शाहपुरा सहायक अभियंता कार्यालय में शिकायत की लेकिन आज तक किसी ने सुध नहीं ली। जिससे पिछले 3 माह से कनेक्शन बंद है। ग्रामीणों के विरोध जताने पर जेईएन ने ट्रांसफार्मर को उतार कर शाहपुरा डिस्कॉम कार्यालय भेजा। जहां से एईएन ने यह कहकर ट्रांसफार्मर वापस भेज दिया कि डीडीजेवाई योजना के तहत है हम नहीं बदल सकते।
केस-2
ग्राम सालड़वास निवासी महेशकुमार मीणा व अन्य ने पं.दीनदयाल ग्रामीण ज्योति योजना के तहत करीब 12 हजार की राशि जमा कराकर कनेक्शन लिया। यहां करीब 20 दिन से ट्रांसफार्मर जला हुआ है लेकिन शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। चंदवाजी ग्रिड व शाहपुरा एईएन कार्यालय में कई बार शिकायत की लेकिन समस्या जस की तस है। जिसके चलते ग्रामीण 20 दिन से अंधेरे में रह रहे हैं।
केस-3
ग्राम चक मनोहरपुर स्थित मीणों की ढाणी में योजना के तहत 2 माह पूर्व जून में विद्युत कनेक्शन किया गया। यहां चार परिवारों को योजना के तहत लाभ मिल रहा था तथा घरों में रोशनी हुई थी लेकिन एक सप्ताह बाद ही डीपी में फॉल्ट आ गया। डीपी में फॉल्ट से आपूर्ति करीब 2 माह से बंद है। उपभोक्ता रामकरण, राकेश ने चक मनोहरपुर ग्रिड व शाहपुरा डिस्कॉम कार्यालय के चक्कर लगाए लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
केस-4
चंदवाजी विधुत सब स्टेशन के अधीन ग्राम पीलवा में भी योजना के तहत लगा हुआ एक ट्रंासफार्मर करीब एक माह से जला हुआ है। योजना के तहत गारंटी अवधि में होने से ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कनेक्शन होने के बाद ठेकेदार व उसके कर्मचारी यहां नहीं आए। यहां तार भी लटके हुए हैं।
इनका कहना है
कई जगह पर ट्रांसफार्मर खराब होने व फॉल्ट की शिकायत है। हमारे पास मरम्मत व ट्रांसफार्मर बदलने के कोई आदेश नहीं है। एक साल तक ठेकेदार की ही जिम्मेदारी है। संबंधित उच्चाधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा चुके हैं।
राजेश महला, कनिष्ठ अभियंता चंदवाजी
डीडीजेवाई योजना के तहत फॉल्ट या जलने पर ट्रांसफॉर्मर बदलने व मरम्मत की एक साल तक जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार व फर्म की होती है। शिकायतों को संबंधित फर्म के पास भेज दिया है। विद्युत निगम की गारंटी पीरियड़ में मरम्मत संबंधित निर्देश नहीं है।
ए.के.गुप्ता, सहायक अभियंता जेवीवीएनएल शाहपुरा डिस्कॉम
मेरे पास भी कुछ ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना आई थी। योजना के जेईएन को कई बार अवगत करा चुके लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहे। जेइएन की अप्रूवल होते ही डीपी बदल दी जाएगी। मेरे पास अभी कोई डीपी नहीं है।
प्रहलादसहाय, ठेकेदार डीडीजेवाई योजना
ट्रांसफार्मर जलने की सूचना नहीं है। अभी हमारे पास स्टोर में ट्रांसफार्मर नहीं है। कुछ फीडरों को कार्य पूर्ण करके संबंधित जेईएन व एईएन को हैंडऑवर भी कर दिया है। कुछ ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए भेजे है। इस सप्ताह के अंत तक ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे।
ओमप्रकाश, कनिष्ठ अभियंता, डीडीजेवाई योजना जयपुर
Published on:
18 Aug 2018 08:00 am

बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
