
Jaipur Fire Accident: बस्सी थाना इलाके के बैनाड़ा में शनिवार शाम केमिकल फैक्ट्री में काम कर रहे 6 श्रमिकों की जिंदा जलने से मौत हो गई और 2 जने गंभीर रूप से झुलस गए। फैक्ट्री में बॉयलर फटने से हुए तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। एकाएक हुई घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया। हादसे की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस्सी थाना क्षेत्र की शालीमार फैक्ट्री में हुआ। काम करते समय अचानक बॉयलर फट गया, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पांच लोग जिंदा जल गए और मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 1 श्रमिक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य ने भागकर जान बचाने का प्रयास किया है। घायल लोगों को उपचार के लिए जयपुर सवाईमानसिंह अस्पताल (एसएमएस) में भर्ती किया है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की है। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल और रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया है। हादसे की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे है।
घटना के बाद में सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और मुआवजा व मामले की उच्च स्तर पर जांच की मांग करते हुए विरोध जताने लगे। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस को भी अंदर नहीं घुसने दिया। बाद में घायलों को सवाईमानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि शालीमार केमिकल के नाम से फैक्ट्री है। जिसमें बॉयलर फटने से शनिवार शाम 6 बजे हादसा हो गया। मौके पर पहुंची 4 दमकल ने आग पर काबू पाया।
मालूम हो कि कुछ दिन पहले जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में मरने वाले सभी लोग बिहार के रहने वाले थे।
Updated on:
23 Mar 2024, 9:07 PM IST
Published on:
23 Mar 2024, 9:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.