
बदमाशों ने रात को गेट खटखटाया था,खोला नहीं...शुक्र है बच गए, लोग दे रहे पहरा
जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी क्षेत्र में कच्छा-बनियान गिरोह का एक बार फिर खौफ हो गया है। गिरोह के छह बदमाश सिरसी रोड स्थित गोकुल धाम कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। वीडियो फुटेज जारी करने वालों ने बताया कि गिरोह के बदमाशों ने रात को गेट खटखटाया था, लेकिन खोला नहीं...शुक्र है बच गए। फुटेज सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस की चार टीम करीब चार किलोमीटर क्षेत्र को खंगाल चुकी हैं, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
क्राइम ब्रांच भी रखे हुए नजर....
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कैलाश चन्द्र बिश्नोई ने पश्चिमी जिलों की थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी अलर्ट किया है। क्राइम ब्रांच भी गिरोह की तलाश में जुटी है। करधनी थानाधिकारी हीरालाल सैनी ने बताया कि गिरोह का मूवमेंट गोकुल धाम से रेलवे लाइन की तरफ था। उसके आगे सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से गिरोह किस ओर गया इसका पता नहीं चल सका, हालांकि क्षेत्र में पुलिस की टीमें गश्त कर रही हैं। रेलवे लाइन के आसपास की कॉलोनियों के लोगों को सचेत किया है।
ये भी पढ़े:Alert: राजस्थान में कच्छा बनियान गिरोह हथियार के साथ घूमता दिखा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
देर रात तक लोग दे रहे पहरा....
गिरोह के सक्रिय होने की आशंका को लेकर लोगों ने कॉलोनी स्तर पर रात को पहरा देना शुरू कर दिया है। सिरसी में गोकुलपुरा के पास महर्षि आश्रम क्षेत्र में लोग पहरेदारी करने लग गए हैं। साथ ही कोई अप्रिय घटना ना हो, इसके लिए रात को जाग होने पर सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे हैं। ज्ञात रहे कि डेढ़ वर्ष पहले मानसरोवर, मुहाना, झोटवाड़ा, करधनी, करणी विहार, कालवाड़ सहित आस-पास के थाना क्षेत्रों में कच्छा बनियान गिरोह ने जमकर दहशत फैलाई थी।
ऐसे पता चला....
पुलिस ने बताया कि गोकुल धाम में एक व्यक्ति ने देर रात कच्छा-बनियान गिरोह को देखने की बात कही, इसके बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो यकीन हो गया। गिरोह के छह बदमाश बेखौफ घूमते नजर आए। इनकी उम्र 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।
ये रखे सावधानी....
-सुनसान क्षेत्र में रात को अकेले नहीं निकले।
-रात को अनजान व्यक्ति या फिर कोई महिला बच्चे के साथ गेट खटखटाए तो नहीं खोलें।
-ऐसे लोग नजर आने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें।
-आसपास के लोगों के नंबर अपने पास रखें।
Published on:
25 Jul 2023 05:32 pm

बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
