3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऐसा क्या हुआ कि सरकारी स्कूल के 13 विद्यार्थियों को कटानी पड़ी टीसी

नहीं हुआ विषय परिर्वतन, एक साथ 13 विद्यार्थियों ने कटाई टीसी    

2 min read
Google source verification
sp

ऐसा क्या हुआ कि सरकारी स्कूल के 13 विद्यार्थियों को कटानी पड़ी टीसी

नहीं हुआ विषय परिर्वतन, एक साथ 13 विद्यार्थियों ने कटाई टीसी


राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय अणतपुरा का मामला


शाहपुरा/अजीतगढ़।
अजीतगढ़ कस्बे के पास ग्राम अणतपुरा के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के विषय परिर्वतन को लेकर किए गए आंदोलन के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के ध्यान नहीं देने से ग्रामीणों व विद्यार्थियों में रोष है।

शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय में बीच सत्र में भूगोल विषय के स्थान पर अंग्रेजी विषय संचालन के आदेश कर दिए। इससे परेशान कक्षा 11 व 12 के 13 छात्र-छात्राओं ने मजबूरन शनिवार को एकसाथ विद्यालय से टीसी ही कटवा ली। अब छात्र अन्य स्कूलों में दाखिला ले रहे हैं।


इससे पहले ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय में तालाबंदी कर 5 दिन तक लगातार आंदोलन कर विषय परिवर्तन की मांग की थी। मौके पर पहुंचे श्रीमाधोपुर उपखंड अधिकारी व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समझौते के अनुसार ग्रामीणों ने एक दिन का समय और दिया था। लेकिन विभाग की ओर से विद्यालय में भूगोल विषय शुरू करने के आदेश नहीं करने पर विद्यार्थियों ने विद्यालय से टीसी कटवानी शुरू कर दी। एक ही दिन में विद्यालय के कक्षा 11 व 12 के 13 छात्र-छात्राओं ने टीसी कटवा कर अन्यत्र प्रवेश ले लिया।


अब कक्षा 11 व 12 में 4 का ही रह गया नामांकन
अब विद्यालय में कक्षा 11 में 2 व कक्षा 12 में भी 2 विद्यार्थियों का ही नामांकन रह गया।

ग्रामीणों ने बताया कि अणतपुरा का विद्यालय राजनीति का शिकार हुआ है। विद्यार्थियों के टीसी कटवाने से आगे नामांकन के अभाव में उच्च माध्यमिक स्तर पर स्कूल का संचालन कैसे संभव होगा। लोगों ने बताया कि गांव के किसान व गरीब परिवार के विद्यार्थियों को अब उच्च अध्ययन के लिए आसपास के गांवों में जाना पड़ेगा।

यह है मामला

उल्लेखनीय है कि अणतपुरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को सत्र 2018-19 में माध्यमिक से उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया गया था। विद्यालय की क्रमोन्नति के समय विद्यालय में अंग्रेजी साहित्य, हिन्दी साहित्य व राजनीति विज्ञान विषय शुरू किए गए थे।

ग्रामीण परिवेश में अंग्रेजी साहित्य विषय होने से पहले सत्र में क क्षा 11 में नामाकंन कम हो पाए। इस सत्र 2019-20 में शिक्षा विभाग द्वारा 3 जुलाई को भूगोल विषय शुरू करने की अनुुमति प्रदान कर दी गई थी।

अनुमति के बाद विद्यालय में कक्षा 11 व 12 में भूगोल विषय में प्रवेश लिए गए। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भूगोल विषय में अध्ययन शुरू कर दिया तथा टेस्टों की तैयारी भी शुरू कर दी।

शिक्षा विभाग ने भूगोल विषय शुरू होने के बाद यहां कार्यरत अंग्रेजी विषय के व्याख्याता सांवरमल को हटाकर बीकानेर निदेशालय में बुला लिया। शिक्षा विभाग के बीकानेर निदेशालय से 5 अगस्त को आदेश जारी कर विद्यालय में भूगोल के स्थान पर पुन: अंग्रेजी साहित्य विषय कर दिया गया।

--------
इनका कहना है विद्यालय में कक्षा 11 व 12 में 13 विद्यार्थियों की टीसी को बना कर दे दी गई है। टीसी कटवाने वाले विद्यार्थी यदि पुन: प्रवेश के लिए आवेदन करते है तो वापस प्रवेश दे दिया जाएगा। टीसी कटवाने के संबंध में अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। -----हनुमान सहाय काजला, प्रधानाचार्य, अणतपुरा।

Story Loader