Chhattisgarh Municipal Election 2021: छत्तीसगढ़ के 15 निकायों में चुनाव के बाद गुरुवार सुबह से तेजी से रिजल्ट आने शुरु हो गए हैं। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम नगर पंचायत में कांग्रेस ने 15 वार्डों में बड़ी जीत दर्ज की है।
भिलाई. छत्तीसगढ़ के 15 निकायों में चुनाव के बाद गुरुवार सुबह से तेजी से रिजल्ट आने शुरु हो गए हैं। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम नगर पंचायत में कांग्रेस ने 15 वार्डों में बड़ी जीत दर्ज की है। यहां 15 के 15 वार्डों में कांग्रेस ने जीत का परचम गाड़ा है। वहीं भैरमगढ़ नगर पंचायत के कुल 15 वार्ड में 12 वार्डों पर कांग्रेस तो 3 वार्ड में भाजपा जीती है। भोपालपट्टनम में कांग्रेस की एकतरफा जीत पर बीजापुर विधायक ने खुशी जाहिर की है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता जमकर जश्न मनाते हुए नजर आ रहे हैं।
भाजपा ने खोला जीत से खाता
दुर्ग संभाग के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने जीत से अपना खाता खोला है। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ नगर पालिका के 20 वार्डों में से वार्ड क्रमांक 7 में भाजपा प्रत्याशी ने बड़ी जीत दर्ज की है। यहां से भाजपा के अजय जैन ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्याशी को हराया है। इसी तरह बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया उपचुनाव में कांग्रेस की महिला प्रत्याशी ने 60 वोटों से जीत दर्ज की है। अफसाना करीब बेग ने अपने निकटतम प्रत्याशी को हराकर जीत का सेहरा पहना है।
मारो में कांगे्रस जीती
बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यहां के 15 वार्डों में पांच में भाजपा और 8 वार्ड में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वहीं वार्ड 15 में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। वहीं वार्ड दो में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच मुकाबला टाई हो गया है। देानों प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले हैं। बीरगांव नगर निगम में काउंटिंग के दौरान वार्ड दो के प्रत्याशी आपस में भिड़ गए हैं। यह निगम पहले भाजपा के कब्जे में था। इस बार कांग्रेस यहां भाजपा को कड़ी चुनौती दे रही है।