
बैतूल। इंदौर में दूषित पानी पीने से दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत के बाद अब शासन और प्रशासन की नींद टूटी है। जिस पेयजल व्यवस्था को अब तक भगवान भरोसे छोड़ा गया था, उसी पर अब सख्ती दिखाई जा रही है। इंदौर की गंभीर घटना से सबक लेते हुए शासन ने प्रत्येक जिले में पानी की गुणवत्ता और सप्लाई की जांच के लिए प्रभारी अधिकारियों की तैनाती की है। इसी कड़ी में बुधवार को भोपाल से नगरीय आवास एवं विकास विभाग के उप संचालक ओपी झा बैतूल जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बैतूल नगर पालिका सहित जिले की सभी दस नगरीय निकायों में पेयजल सप्लाई, पानी की टंकियों और फिल्टर सिस्टम की गहन जांच की। बैतूल नगर में उप संचालक ने नपा अधिकारियों के साथ आधा दर्जन से अधिक पानी की टंकियों का बारीकी से निरीक्षण किया। विवेकानंद वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट, कालापाठा चट्टान और हमलापुर क्षेत्र की टंकियों की जांच करते हुए उन्होंने साफ निर्देश दिए कि टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुरुवार दूसरे दिन भी उप संचालक ने बैतूल के वार्डों का दौरा कर पेयजल सप्लाई व्यवस्था को परखा।
फिल्टर प्लांट और टेस्टिंग लैब का सूक्ष्म निरीक्षण
उप संचालक ओपी झा ने पानी की टेस्टिंग लैब और फिल्टर प्लांट का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने माचना डैम से आने वाले पानी की आपूर्ति और उसके फिल्टरेशन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही पानी की गुणवत्ता जांचने की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को नियमित और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।नपा में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायत मिलते ही तत्काल सुधार किया जाए। खासतौर पर बारिश के मौसम से पहले यदि सीवरेज का पानी वाल्व के आसपास बहता है तो उसे तत्काल अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि दूषित पानी सप्लाई में न मिल सके। निरीक्षण के दौरान सीएमओ सतीष मटसेनिया, उपयंत्री धीरेंद्र राठौर, नगेंद्र वागद्रे सहित जल शाखा के कर्मचारी मौजूद रहे।
दूसरे दिन वार्ड में पहुंचकर किया निरीक्षण
उप संचालक झा ने दूसरे दिन गुरुवार को लोहिया वार्ड स्थित आबकारी के पास वार्ड के अंदर भ्रमण कर पेयजल सप्लाई की व्यस्था को देखा। वार्ड में पेयजल सप्लाई के दौरान कैमिट से पानी के सैंपल की जांच के लिए कहा गया। मौके पर की गई जांच में पानी की गुणवत्ता ठीक होना पाई गई। उप संचालक ने पेयजल सफाई और गुणवत्ता के संबंध में वार्डवासियों से भी चर्चा की और पेयजल सप्लाई का कार्य संतुष्ठपूर्ण होना पाया गया।
Published on:
15 Jan 2026 09:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबेतुल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
