3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वीजा तैयार था, 3 दिन बाद विदेश भागने वाला था पति-पत्नी पर हमले का आरोपी

MP News: पत्नी के साथ बाइक पर लौट रहे युवक पर धारदार हथियार से 1 अप्रैल को आरोपी ने किया था हमला, भोपाल एम्स में भर्ती है पीड़ित।

2 min read
Google source verification
betul

deadly attack case accused arrested before fleeing abroad phonepe clue

MP News: मध्यप्रदेश के बैतूल में 1 अप्रैल को पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़ित पति-पत्नी का पुराना परिचित है जिसने बार-बार शादी टूटने के विवाद में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी तीन दिन बाद 6 अप्रैल को विदेश भागने वाला था उसका वीजा तैयार था लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल पति का भोपाल के एम्स में इलाज चल रहा है।

1 अप्रैल 2026 को किया था हमला

बैतूल के चोपना क्षेत्र में 1 अप्रैल 2026 को विप्लव विश्वास नाम का युवक अपनी पत्नी सुशांति विश्वास को डॉक्टर को दिखाकर बाइक से वापस लौट रहा था तभी एक नकाबपोश हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में विप्लव विश्वास को गंभीर चोट आई थी और उनके बाएं हाथ की कलाई लगभग अलग हो गई थी और चेहरे पर गंभीर चोट आई थी। गंभीर हालत में विप्लव को बैतूल से भोपाल एम्स रेफर किया गया था जहां डॉक्टरों ने गुरुवार को कटी हुई कलाई की सर्जरी कर उसे जोड़ दिया है।

PhonePe से किए ट्रांजेक्शन से पकड़ाया आरोपी

वारदात के बाद पुलिस ने घायल विप्लव विश्वास की पत्नी सुशांति विश्वास के बताए हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात वाले दिन ही एक लोहार से प्रणव मिस्त्री नाम के युवक ने धारदार हथियार 'दाव' खरीदा था। 850 रुपये में खरीदे गए इस दाव की कीमत फोनपे के जरिए चुकाई गई थी। घायल की पत्नी ने जो कद काठी बताई थी वो भी प्रणव मिस्त्री से मिलती थी लिहाजा पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि उसने वारदात वाले दिन विप्लव और उसकी पत्नी को बैतूल जाते देखा था। वो धारदार हथियार लेकर पहले से ही उनके लौटने का इंतजार कर रहा था और जैसे ही वापस लौटे तो हमला कर दिया।

वारदात को अंजाम देकर भागने वाला था विदेश

पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रणव मिस्त्री ने बताया है कि 2021 में लॉकडाउन के दौरान एक वॉट्सएप ग्रुप में प्रणव ने विप्लव की पत्नी की सुशांति का नंबर जोड़ दिया था। इस ग्रुप में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही थी जिसकी शिकायत विप्लव ने पुलिस में की थी। तब पुलिस ने समझाईश देकर मामला शांत करा दिया था लेकिन प्रणव तभी से विप्लव से रंजिश रखे था। इसके साथ ही इस हरकत के कारण आरोपी प्रणव की समाज में छवि खराब हो चुकी थी जिसके कारण उसकी शादी नहीं हो पा रही थी और बार-बार रिश्ता टूट जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी वेल्डर का काम करता है और वो पूर्व में दूसरे देशों में नौकरी कर चुका है। वो वारदात को अंजाम देने के बाद 6 अप्रैल 2026 को विदेश जाने वाला था और उसका वीजा भी तैयार था।