6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लाड़ली बहनों के खातों में आए एक रुपए, 142 महिलाएं मिलीं अपात्र

- लाड़ली बहना योजना के लिए जिले में 90908 हितग्राही चयनित

2 min read
Google source verification
लाड़ली बहनों के खातों में आए एक रुपए, 142 महिलाएं मिलीं अपात्र

हरदा. नपा में हुए कार्यक्रम के दौरान चयनित महिला को लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र देतीं नपाध्यक्ष।

फैक्ट फाइल
ऑनलाइन हुए आवेदन - 91050
फार्मों पर आपत्तियां - 853
निराकरण आवेदन - 711
अपात्र हितग्राही - 142
अंतिम चयन हितग्राही - 90908
---------------------------------------
फोटो कैप्शन : एचआर 0221 हरदा. नपा में हुए कार्यक्रम के दौरान चयनित महिला को लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र देतीं नपाध्यक्ष।
हरदा. लाड़ली बहना योजना अंतर्गत जमा हुए 91 हजार से अधिक आवेदनों में आई आपत्तियों का गुरुवार को महिला बाल विकास विभाग ने निराकरण किया, जिसमें 711 पात्र और 142 अपात्र हितग्राही पाईं गईं। वहीं अधिकांश महिलाओं के बैंक खाते डीबीटी व आधार लिंक हो चुके हैं। सरकार के निर्देशानुसार हितग्राहियों के खाते में एक हजार रुपए डालने के पहले उनके खाते चेक करने के लिए विभाग ने बुधवार को एक-एक रुपए खाते में डाले गए, जो सफल रहे। रेंडम प्रक्रिया अनुसार पात्र महिलाओं के खाते में एक-एक रुपए जमा हो गए हैं।
91050 महिलाओं ने किया था ऑनलाइन पंजीयन
जानकारी के अनुसार हरदा, खिरकिया, टिमरनी की जनपद पंचायतों एवं नगर परिषद के अंतर्गत 91 हजार 50 महिलाओं ने लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें 853 महिलाओं के आवेदनों में आपत्ति दर्ज हुई थी। जिसमें से 711 पात्र हितग्राही और 142 अपात्र मिलीं। जिले में अब कुल 90 हजार 908 महिलाओं का योजना के लिए चयन हुआ है।
आधार लिंक और डीबीटी प्रक्रिया सतत् जारी
जिले के तीनों ब्लाकों से 91 हजार 50 ऑनलाइन फार्म जमा हुए थे। इसमें 7972 बैंक खाते आधार लिंक नहीं पाए गए थे। वहीं आधार से बैंक खातों के डीबीटी 8894 सक्रिय नहीं मिले थे। लेकिन बैंक खाते डीबीटी और आधार लिंक की प्रक्रिया सतत् जारी है। गुरुवार तक 82 हजार 156 बैंक खातों की डीबीटी सक्रिय हो गई है। आगामी दिनों में चयनित हुईं सभी महिलाओं के बैंक खातों से आधार लिंक हो जाएंगे।
10 जून से महिलाओं के खाते में आएंगे एक हजार रुपए
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि जिले में लाड़ली बहना योजना के तहत कुल 90 हजार 908 महिलाओं के स्वीकृति पत्र तैयार किए गए हैं। आगामी 7 जून के बीच संबंधित महिलाओं को विभिन्न कार्यक्रमों में या उनके घर जाकर प्रदान कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी महिलाओं के खाते में प्रयोग के तौर पर 1-1 रुपए ट्रांसफर कर दिए गए हैं। आगामी 10 जून को सभी महिलाओं के खाते में एक साथ एक-एक हजार रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके बाद हर माह लाड़ली बहनों के खाते में नियमित रूप से एक हजार रुपए जमा होते रहेंगे। योजना के तहत हरदा शहर के 35 वार्डों में 11641 महिलाओं का चयन किया गया है।
हितग्राहियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
नगर पालिका परिसर में गुरुवार लाड़ली बहना योजना अंतर्गत चयनित हुईं हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में नपाध्यक्ष भारती कमेडिय़ा, उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, कलेक्टर ऋषि गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा ने वार्ड नंबर 12 की आरती मोयल, बबीता, फूलवती, किरण, कुसुम, लता माली तथा वार्ड क्रमांक 13 से मंजू, अनीशा, शायना, किरण, सुशीला, चंदा खान और जेनब बानों को सांकेतिक रूप से योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए।