
राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव हन्तरा समीप रविवार देर रात दो बजे एक टैंकर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य ने जयपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। जबकि चार महिलाओं को नदबई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर सवार लोग गमी में शामिल होकर रात में घर लौट रहे थे।
डहरामोड चौकी प्रभारी महेशचंद ने बताया कि भरतपुर के गांव बरसो का नगला निवासी गोपीराम जाटव पुत्र तनूकीराम सहित अन्य परिजन ट्रैक्टर से रात में वैर थाना क्षेत्र के गांव नयावास एक परिचित की गमी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
हाईवे पर गांव हन्तरा के पास पीछे से आ रहे एक टैंकर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इसमें रुदावल थाना क्षेत्र के गांव ककलपुरा निवासी कला पत्नी शिवलाल जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोपीराम जाटव, मंजू पत्नी गोरधन जाटव, गुड्डी पत्नी बबलू जाटव, अनोखी पत्नी ज्ञानचंद व चन्द्रा पत्नी गोपीराम घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से गंभीर रूप से घायल गोपीराम को जयपुर रैफर कर दिया। जयपुर ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। उधर घटना के बाद टैंकर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर व क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त किया है।
Published on:
26 Jul 2016, 11:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.