
नंदिनी रोड से हथखोज के बीच 5000 लोगों के सिर पर मौत का साया
भिलाई. हथखोज से एक साथ बिजली की 3 हाइटेंशन लाइन (एचटी लाइन) नंदिनी रोड तक दौड़ रही थी पहले। इसमें से एक लाइन को 2018 से पहले हटवा दिए। शेष 2 एचटी लाइन को सर्वे करने के बाद हटाया जाना था। सर्वे के बाद से अब तक यह एचटी लाइन हटाए नहीं है। इस माह हल्की बारिश से एचटी लाइन की वजह से एक घर में तार से होकर घर में मौजूद कपड़े जल गए और बिजली के उपकरण उड़ गए। प्रधानमंत्री योजना के तहत लोगों ने कच्चे से जब पक्का मकान बनाना शुरू किया। तब से एचटी लाइन उनके छत के करीब हो गई है। इससे हादसे को लेकर खतरा बढ़ गया है। दो-दो एचटी लाइन के नीचे बसर करने वाले करीब 5000 से अधिक लोगों का जीवन मौत के साय में गुजर रहा है।
घर का टीवी, डिश, सेटअप बाक्स उड़ा, कपड़े में लगी आग
जनवरी 2023 में कुछ दिनों पहले हल्की बारिश हो रही थी। बिजली गुल हो गई। तब शैलू बाई के मकान के ऊपर से गए एचटी लाइन में पतंग फंसा था, उसकी रस्सी से करंट घर तक आया। टीवी, डिश, सेटअप बाक्स उड़ गया। वहीं कमरे में रस्सी पर सूख रही साड़ी इससे जल गई। घर में मौजूद शैलू की बहु डर गई। उसने परिवार के सदस्यों को रोते हुए फोन करके जानकारी दी। इसके बाद घर वालों को दूसरे जगह शिफ्ट किए। घर में बिजली गुल नहीं होती, तो लोगों को आशंका है कि आग ही लग जाती।
छत का खपरा बदले वक्त व्यक्ति को खींच लिया एचटी लाइन
कच्चे मकान का खपरा सुखचंद निषाद बदल रहा था। इस दौरान एकाएक एचटी लाइन ने उसे खींच लिया। इसके बाद वह ऊपर से गिरा। इससे घर के बरामदे में लगे सीमेंट के शीट पर आकर गिरा। वह क्रेक हो गया। इस घटना में सुखचंद का हाथ झुलस गया था। इलाज के बाद वह ठीक हुआ।
मासूम आया जद में तो आधे छत में खड़ा कर दिए दीवार
नंदइया पारा, खुर्सीपार में मोर जमीन मोर घर व प्रधानमंत्री योजना के तहत करीब 250 लोगों ने कच्चे से पक्का मकान बनवाया है। इस योजना के तहत ही बनाए गए एक मकान की छत पर मोहल्ले में रहने वाला 6 साल का मासूम भाव्य खेलने गया। तार के करीब पहुंचा और झुलस गया। चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। इसके बाद घर वालों ने छत के आधे हिस्से में दीवार खड़ी कर दी। दीवार को कोई पार करके न चला जाए। इसको ध्यान में रखते हुए दीवार के ऊपर लोहे के कील लगा दिए।
छत में चढ़कर पकड़ सकते हैं हाइ टेंशन लाइन को
नंदयापार से नंदिनी रोड के बीच सैकड़ों मकान है। दो एचटी लाइन के नीचे एक साथ कम से कम चार-चार मकान बने हैं। इस इस तरह से सैकड़ों घर यहां हैं। पट्टा होने की वजह से शासन की योजना के तहत पक्का आवास तैयार करने राशि आसानी से पास हो रही है।
सर्वे में नहीं देखते एचटी लाइन
मोर जमीन मोर घर व प्रधानमंत्री योजना के तहत आवेदन करने पर जो लोग सर्वे करने के लिए आते हैं। वे जमीन से संबंधित आवेदक का दस्तावेज देखते हैं। मौके पर मौजूद कच्चा मकान देखकर उसकी फोटो लेते हैं। इसके बाद पट्टा वगैरह सब कुछ सही होता है, तब आवेदन को स्वीकृत कर लिया जाता है।
विधायक से किए शिकायत
स्थानीय लोगों ने भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव से लिखित शिकायत किए हैं। इसके अलावा जनदर्शन में भी लोगों ने इसको लेकर शिकायत किया है। बावजूद इसके अब तक कोई पहल नहीं हुआ है।
घर का टीवी वगैरह खराब हो गया
शैलू बाई, निवासी, खुर्सीपार, वार्ड-41 ने बताया कि जनवरी 2023 में ही बारिश हो रही थी, बिजली गुल था। एचटी लाइन से छत के डिश टीवी के तार में आग लगी। इससे कमरे में रखा टीवी, डिश, शेटअप बाक्स खराब हो गया और तार में लटकी साड़ी जलने लगी।
एचटी लाइन के जद में आने से पोते की हो गई मौत
शंकरदास मानिकपुरी, खुर्सीपार, वार्ड-41 ने बताया कि पोता पड़ोसी के छत पर खेल रहा था, तब एचटी लाइन के जद में आने से उसकी मौत हो गई। इस तरह से फिर किसी के साथ न हो। इस लिए दोनों ही हाइटेंशन लाइन को हटा दिया जाना चाहिए।
विधायक से भी किए हैं मांग
बीर सिंह, निवासी नंदइया पारा, खुर्सीपार ने बताया कि एचटी लाइन को हटवाने की मांग विधायक देवेंद्र यादव से किए हैं। महिलाओं ने भी हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन उनको सौंपा है। यहां कई लोग पीएम योजना के तहत पक्का मकान बनवाने से डर रहे हैं।
पेड़ की टहनिया लग रही हाइटेंशन लाइन से
संतरी बाई, निवासी खुर्सीपार ने बताया कि पेड़ की टहनिया हाइटेंशन लाइन से टकराती है। इससे बच्चों के लिए जान का खतरा बना रहता है। निगम इसकी डालियों को कटवा देता तो बेहतर रहेगा। बारिश में तो पूरे पेड़ में ही बिजली आ जाएगी।
हाइटेंशन बिजली पोल का सर्वे किया गया
एम जामुलकर, मुख्य अभियंता दुर्ग क्षेत्र ने बताया कि बस्ती के ऊपर से गए हाइटेंशन बिजली पोल का सर्वे किया गया है। कार्यपालन यंत्री से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई से अवगत किया जाएगा।
Published on:
18 Jan 2023 09:56 pm

बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
