
Breaking: मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में BSF जवानों को मिले नक्सलियों के छिपाए 370 देशी बम, प्लांट कर रखे थे 6 IED
भिलाई. बीएसएफ के जवानों ने नक्सलियों के बड़े मंसूबे पर पानी फेर दिया। माड़ एरिया की सर्चिंग में निकले बीएसएफ जवानों को नक्सली मुठभेड़ के बाद देशी बम का बड़ा जखीरा मिला है। वहीं नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए यहां 6 आइइडी भी प्लांट कर रखे थे। जिसे सर्च ऑपरेशन के बाद जवानों ने जब्त कर लिया है। बारी मात्रा में जब्त विस्फोटकों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नक्सली किसी बड़े हमले की फिराक में थे।
3 जून को सर्चिंग पर निकले थे जवान
बीएसएफ 35 बटालियन और पुलिस की संयुक्त टीम 3 जून को खुफिया सूचना के आधार पर माड़ एरिया में मेढ़की नदी के दक्षिण की ओर सर्चिंग पर निकली थी। मिली जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने कोयलीबेड़ा बीएसएफ कैंप के लगभग 20 किमी. दूर गुडूल एवं अल्परस के बीच आक्रामक ऑपरेशन लांच किया था। ऑपेरशन के दौरान जवानों को देखकर नक्सलियों ने फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई भारी पड़ता देख वे भाग खड़े हुए।
सर्चिंग में मिले 370 देशी बम
नक्सलियों से मुठभेड़ के बाद बीएसएफ जवानों ने एरिया सर्च किया। इस दौरान उन्हें भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ एवं नक्सली साहित्य मिले। बीएसएफ डीआईजी आईएस राणा ने बताया कि नक्सलियों ने 370 देशी बम जंगल में छिपा कर रखे थे। इसके अलावा इलेक्ट्रिक लोरी, सल्फर, कोडेक्स, बैट्री बॉक्स, फ्लेक्सीबल वायर, खाली पिस्टर मैंगजीन, केमोफ्लाइज कपड़े, बैनर और तारपोलियन सहित अन्य विस्फोटक पदार्थ मिले हैं। भारी मात्रा में विस्फोटक एकत्र कर नक्सली किसी बड़े हमले के फिराक में थे।
दस भरमार बंदूक बरामद की थी
इधर पंखाजूर में गश्त पर निकली बीएसएफ 121 बटालियन की टीम ने रविवार को ग्राम छिंदपर के जंगल में दस भरमार बंदूक बरामद की थी। बंदूक मिलने के बाद आसपास सर्चिंग अभियान बढ़ा दिया गया था। छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के एक ग्राम के जंगल में माओवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाने में जुटे थे।
Published on:
05 Jun 2018 12:13 pm

बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
